
एमपी के 39 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट (Photo Source- Patrika)
MP Weather: आमतौर पर मई के महीने को भीषण गर्मी वाला महीना माना जाता है। लेकिन, साल 2026 में मध्य प्रदेश वासियों के लिए मई की शुरुआत आंधी, बारिश और ओलों के साथ हुई है। यही कारण है कि, महीने की शुरुआत से ही यहां कहीं न कहीं गरज - चमक के साथ बारिश का दौर जारी है। सोमवार को भी प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई तो कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। वहीं, मौसम विभाग ने आज यानी मंगलवार को भी सूबे के बड़े इलाके में ऐसा ही मौसम बना रहने की संभावना जताई है।
राजधानी भोपाल में स्थित राज्य मौसम केंद्र ने प्रदेश के 39 जिलों में 40 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें मुख्य रूप से जबलपुर, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, उमरिया और कटनी में तेज हवाओं का असर ज्यादा दिखाई देने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर सहित कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं, प्रदेश के अंतर्गत आने वाले इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में जैसे इंदौर, धार, उज्जैन, देवास, रतलाम और मंदसौर में मौसम साफ रहने की संभावना है, जिसके चलते यहां यहां गर्मी का प्रभाव देखने को मिलेगा। हालांकि, मौसम विभाग ने भी संकेत दिए कि, सिस्टम के प्रभाव से देर शाम तक इनमें से कुछ क्षेत्रों में भी मौसम बदल सकता है।
सोमवार को प्रदेश में तापमान में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला। ग्वालियर में तापमान 4.8 डिग्री गिरकर 34.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 7 डिग्री कम था। दिलचस्प बात ये रही कि ग्वालियर, पचमढ़ी 36.4 डिग्री से भी ठंडा रहा। जबकि, खजुराहो में तापमान 33.8 डिग्री दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे कम था। बता दें कि, पिछले माह के आखिरी सप्ताह में भी खजुराहो ही वो क्षेत्र था, जहां प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी पड़ रही थी, लेकिन महज एक सप्ताह में ही ये प्रदेश का सबसे कम तापमान वाला क्षेत्र बन गया है।
आंधी-बारिश के बीच कई जिलों में गर्मी का असर अब भी बरकरार है। रायसेन में लगातार दूसरे दिन तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा खरगोन में 43 डिग्री, खंडवा में 42.1 डिग्री, मंडला 41.9 डिग्री और नरसिंहपुर में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश के अधिकतर जिलों में आंधी बारिश का दौर रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। साथ ही, गरज-चमक रे साथ हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है।
Updated on:
05 May 2026 11:00 am
Published on:
05 May 2026 11:00 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
