
सीमेंट गोडाउन में बड़ा हादसा, भरभराकर गिरी सैकड़ों बोरियों के नीचे दबे 8 मजूदर
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित एक सीमेंट के गोदाम में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया है। यहां सीमेंट गोदाम में अचानक बोरियों के भरभराकर गिरने से उनके नीचे 8 मजदूर दब गए। बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ, जब मजदूर सीमेंट की बोरियां नीचे उतार रहे थे। फिलहाल, मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों के साथ साथ स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी मजूदरों को बाहर निकाला और इलाज के अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शहर के अंतर्गत आने वाले निशातपुरा सीमेंट गोदाम की है। गुरुवार को यहां मजदूर गोदाम से सीमेंट की बोरियां डीलरों को सप्लाई देने के लिए नीचे उतार रहे थे। इस दौरान अचानक सैकड़ों बोरियां भरभराकर नीचे गिर गईं, जिसकी चपेट में आकर गोदाम के 8 मजदूर बोरियों के नीचे दब गए।
हमीदिया अस्पताल में शुरु हुआ इलाज
घटना के बाद गोदाम में हड़कंप मच गया। इस दौरान कई अन्य मजदूर गोदाम के अंदर भी मौजूद थे, जिन्होंने मजदूरों के दबने पर चीख-पुकार मचानी शुरु कर दी। आवाज सुनकर बाहर मौजूद अन्य मजदूरों के साथ साथ कई लोग गोदाम में आ गए और तत्काल ही उन्होंने किसी तरह सीमेंन्ट की बोरियों के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकाल लिया। हादसे में सभी मजदूर घायल हुए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल, सभी मजदूरों का इलाज जारी है।
Published on:
01 Feb 2024 09:13 pm

