
Aadhaar card
भोपाल। राजधानी के राजस्व रिकॉर्ड में हुजूर, कोलार और बैरसिया तीन तहसील हैं, लेकिन यूआइडीएआइ के रिकॉर्ड में आज भी कोलार तहसील का अस्तित्व नहीं है। गजट नोटिफिकेशन के बाद भी कोलार तहसील रिकॉर्ड में अपडेट नहीं हुई है। जबकि यहां तहसील बनने के बाद दो लाख से ज्यादा नए आधार कार्ड बनाए जा चुके हैं। इससे पूर्व के तीन लाख और बने हैं। सब में तहसील हुजूर ही आ रही है। यहां तक कि जो लोग आधार अपडेट करा रहे हैं, उनकी भी तहसील हुजूर ही आ रही है। जबकि 1 जनवरी को कोलार तहसील का गठन हुए चार साल हो जाएंगे। जबकि यूआइडीएआइ इतने समय में कई बार सॉफ्टवेयर को अपडेट कर चुका है। इसके बाद भी कोलार तहसील का अपडेशन नहीं हुआ।
जिले में अब तक 27 लाख 58 हजार 979 आधार कार्ड बन चुके हैं। इसमें से शहरी क्षेत्र में हुजूर तहसील में 24 लाख 70 हजार 751 आधार बने हैं। बैरसिया में 2 लाख 88 हजार 228 आधार बने हैं। कोलार तहसील के पते पर भी आधार नहीं बना है। जानकारों की मानें तो नोटिफिकेशन के बाद यूआइडीएआई के रिकॉर्ड में कोलार तहसील का अपडेशन होना जरूरी है।
जिले में बने आधार
हुजूर-24,70,751
बैरसिया-2,88,228
आयु वर्ग के अनुसार
3.64%-0 से 5 वर्ष तक
21.92% - 05 से 18 वर्ष तक
74.44% - 18 और इससे ऊपर
अफसरों से चर्चा कर अपडेट कराएंगे
अविनाश लवानिया, कलेक्टर का कहना है कि अगर यूआइडीएआइ के पोर्टल पर कोलार तहसील अपडेट नहीं है तो इस संबंध में उन्हें पत्र लिखकर और अफसरों से चर्चा कर इसे अपडेट कराया जाएगा।
18 प्लस के आधार में अब पासपोर्ट तर्ज पर होगा वेरिफिकेशन
अठारह वर्ष से ऊपर के लोगों के आधार कार्ड में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए अब इनके आधार के लिए एक क्रॉस वेरिफिकेशन विंडो खोली जा रही है। इसके लिए एक लोकल स्तर पर पोर्टल तैयार किया जा रहा है। आवेदन करने के बाद पासपोर्ट की तरह नया आधार बनवाने वालों का वेरिफिकेशन कराया जाएगा। इससे काफी हद तक फर्जीवाड़ा रुकेगा। पुलिस के पास ऐसे कई मामले आने के बाद इस व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। कुछ समय से 18 साल से ऊपर के नए आधार नहीं बन पा रहे हैं। पोर्टल में कुछ काम चल रहा है। ये पोर्टल कलेक्टर के निर्देशन में काम करेगा।
Updated on:
05 Dec 2022 11:49 am
Published on:
05 Dec 2022 11:49 am
