11 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP में विधानसभा को घेरेगा विपक्ष, बड़ी तैयारी में कांग्रेस

MP Congress: मध्य प्रदेश में आज 16 दिसंबर से विधानसभा का 5 दिवसीय शीतकालीन सत्र शुरू हो रहा है, लेकिन इससे पहले ही यहां सियासी गलियारों में हलचल का दौर है, विपक्ष ने शीतकालीन सत्र में भाजपा सरकार को सदन से सड़क तक घेरने की तैयारी कर ली है...

3 min read
Google source verification
MP Congress

MP Congress: विधानसभा सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। इसमें विपक्ष ने राज्य सरकार को सदन के बाहर और भीतर दोनों जगह घेरने की तैयारी की है। सदन में सवालों के जरिए सरकार की घेराबंदी होगी। बाहर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, उमंग सिंघार के नेतृत्व में विधानसभा घेराव होगा। अन्य दिग्गज नेता भी शामिल होंगे।

एआइसीसी महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी जितेन्द्र सिंह, मीडिया विभाग प्रमुख पवन खेड़ा भी घेराव में शामिल होंगे। रविवार देर शाम कांग्रेस विधायक दल की बैठक में घेराव सहित सदन की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ। घेराव में प्रदेशभर से कांग्रेसियों के शामिल होने की उम्मीद है।

पार्टी ने 50 हजार लोगों के आने का टारगेट रखा है। घेराव से पहले जनसभा भी होगी। तय कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ता जवाहर चौक पर एकत्रित होंगे। दोपहर 12 बजे विधानसभा का घेराव करने के लिए पैदल मार्च किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में सभी जिलों से हजारों कांग्रेसजन स्वेच्छा से शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सहप्रभारियों, प्रदेश पदाधिकारी, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधि आदि शामिल होंगे।

सरकार से मांगेंगे एक साल का हिसाब

विधानसभा सत्र से पहले रविवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। सदन में सरकार की घेराबंदी को लेकर रणनीति बनी। विधायकों की जिम्मेदारी भी तय की गई। विधायकों से कहा गया है कि वे सदन में ज्यादा से ज्यादा समय दें। चर्चा में शामिल हों। बैठक में इस बात पर जोर रहा कि सदन की बैठकें निर्धारित समय तक हों, समय से पहले सत्र स्थगित करने की सरकारी मंशा को पूरा नहीं होने देंगे।

नर्सिंग घोटाला, जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार, राज्य में कर्ज पर कांग्रेस सरकार से हिसाब मांगेगी। राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर पार्टी श्वेत पत्र की मांग भी कर सकती है। बैठक के बाद विधायक देर रात रोशनपुरा स्थित प्रदर्शन स्थल का निरीक्षण करने भी पहुंचे।

घेराव और सत्र की रणनीति को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के निवास पर उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, विधायक आरिफ मसूद, विधायक सचिन यादव, पूर्व विधायक प्रवीण पाठक और प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजा बघेल समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में रूपरेखा बनाई गई।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बताया कि प्रदेश के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में भोपाल पहुंचने को कहा गया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग ने कहा कि घेराव के जरिए सरकार से एक साल का हिसाब मांगा जाएगा। विधायक दल की बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता, कांग्रेस विधायक शामिल रहे।

घेराव क्यों कर रही कांग्रेस

भाजपा सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार, भय, आंतक, किसानों की समस्याओं, अंधकारमय होते युवाओं के भविष्य, महिलाओं- बच्चियों के साथ शोषण-दुष्कर्म की घटनाओं सहित सरकार की गई वादाखिलाफी के खिलाफ घेराव किया जा रहा है। महिलाओं को 3000 रुपए, 450 में रसोई गैस सिलेंडर, एमएसपी पर 3100 में धान, 2700 में गेहूं तथा सोयाबीन 6000 रुपए में खरीदने जैसे वादे किए गए थे, पर यह अधूरे हैं।

-जीतू पटवारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

एक साल का हिसाब मांगा जाएगा

घेराव के जरिए सरकार के एक साल का हिसाब मांगा जाएगा। सरकार की विफलता ये भी रही कि किसानों को खाद नहीं दे पा रहे और लंदन घूमते रहे। दो लाख युवाओं को नौकरी नहीं दे पाए। साथ ही सरकार संविदा शिक्षकों के दर्द को भी नहीं देख पा रही है। ट्रांसफर उद्योग चल रहा है। सरकार से सभी का हिसाब मांगा जाएगा।

-उमंग सिंघार, नेता प्रतिपक्ष

ये भी पढ़ें: MP Assembly Winter Session 2024: शीतकालीन सत्र आज से, अनुपूरक बजट पेश करेगी मोहन सरकार