27 अक्टूबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मॉडिफाइड जीप जीतने के लिए लगाई रेस और हार बैठा जिंदगी

राजधानी में वीआइपी रोड पर सोमवार तड़के रेस लगाकर जीप जीतने की जिद ने एक युवक की जिंदगी छीन ली।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भोपाल

•

image

Umesh yadav

•

Updated: 8 May 2018, 7:20 AM IST

road accident

road accident

भोपाल। राजधानी में वीआइपी रोड पर सोमवार तड़के रेस लगाकर जीप जीतने की जिद ने एक युवक की जिंदगी छीन ली। इसमें उसके तीन दोस्त घायल हो गए। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टकराने के बाद वह चार बार पलटी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार युवक दोस्त के बेटे की बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे।

इसी दौरान रास्ते में मिले एक युवक की मॉडिफाइड जीप देखकर प्रियदर्शनी नगर निवासी मृतक सचिन हिवाले (32) ने शर्त लगाकर उसके साथ कार रेसिंग की। वह दक्षिण अफ्रीका में ट्रेवलिंग एजेंसी में कार्यरत था। सोमवार सुबह ही उसकी मुंबई के लिए फ्लाइट थी। वहां से उसे दक्षिण अफ्रीका जाना था। रविवार रात वो अपने दोस्त केके अग्रवाल के बेटे आयुष की बर्थडे पार्टी में लालघाटी गया था।

वहां से ये लोग कार से सुबह करीब 4 बजे लौट रहे थे। कार में सचिन, उसका बब्बन, दोस्त केके अग्रवाल और श्रीकांत बैठे थे। श्रीकांत ने पत्रिका को बताया कि पार्टी से लौटते समय सभी ने कमला पार्क के पास चाय पी। वहीं मिले एक अन्य युवक के पास मॉडीफाइड जीप देखी।

सचिन ने जीप की तारीफ करते हुए कहा, रेस लगाते हैं। अगर मैं जीत गया तो जीप मेरी और हार गया कार तुम रख लेना। दोनों के बीच वीआइपी रोड पर 4 किलोमीटर तक रेस हुई। जैसे ही सचिन कार लेकर होटल इंपीरियल सेबरे के पास पहुंचा, डिवाइडर से टकरा गया। वहां कोहेफिजा की ओर टर्न लेते समय कार अनियंत्रित होकर चार बार पलटी खा गई। सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों साथी जख्मी हो गए। पुलिस जांच कर रही है।

मां इंतजार करती रह गई, बेटा सफर पर निकल गया
वीआइपी रोड पर हादसे के दो घंटे बाद सचिन सुबह 9 बजे भोपाल एयरपोर्ट से मुंबई जाने वाला था। वहां से वो रात में दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होता। मां पुष्पा बेटे की यात्रा के लिए तैयारी कर रही थी। उसके लिए खाना बनाया।

पत्नी नेहा ने बैग तैयार कर दिया था। इसी दौरान पिता के पास फोन आया कि आप लोग अस्पताल आ जाइए। सचिन हादसे में घायल हो गया है। परिवार के लोग हमीदिया अस्पताल पहुंचे। पिता और भाई सचिन की लाश देखकर फफक -फफक कर रोने लगे।

मां को बताया गया कि सचिन गंभीर रूप से घायल हुआ है, उसका इलाज चल रहा है। मां बेटे के लिए आस लगाए बैठी थी। बाद में आइसीयू से बेटे का शव निकला तो वे बेहोश हो गई।

चार माह पहले बड़े भाई की शादी में आया था
आठ साल से दक्षिण अफ्रीका में रह रहे सचिन की छह साल पहले नेहा से लव मैरिज हुई थी। उसकेपिता लक्ष्मण हिवाले पंजीयन विभाग में ऑडिटर थे। दो भाई राहुल और आशीष हैं। राहुल बड़ा व सचिन मझला है। वह चार महीने पहले राहुल की शादी में यहां आया था।

30 फीट तक घिसटती गई कार
ड्राइविंग सीट पर सचिन था और बगल में श्रीकांत। पीछे केके अग्रवाल और बब्बन बैठे थे। हादसे में कार ड्राइवर सीट की ओर पलटी। रफ्तार इतनी तेज थी कि कार 30 फीट तक घिसटती चली गई।

श्रीकांत और बब्बन गेट से बाहर आ गए, लेकिन केके अग्रवाल फंस गया। उसे कांच फोड़कर निकाला। उसके अनुसार हादसे के बाद कार में रखा लैपटॉप, एटीएम कार्ड गायब हो गया।

कोहेफिजा थाना प्रभारी अनिल वाजपेयी ने कहा डिवाइडर से टकराने पर हादसा हुआ। रेस लगाने वाले जीप सवार युवक का पता नहीं चल पाया। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रहे हैं। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।