
भोपाल। देश के सर्वोच्च अलंकरण भारत रत्न से सम्मानित मशहूर गायिका एवं सरस्वती स्वरूपा लता मंगेशकर का रविवार सुबह निधन हो गया। दो दिनों तक राजकीय शोक घोषित किया गया है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक इस दौरान राष्ट्रध्वज आधा झुका रहेगा। उनका अंतिम संस्कार भी राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। 92 वर्षीय लता मंगेशकर पिछले कुछ दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थीं।
लता मंगेशकर के निधन से मध्यप्रदेश में भी शोक की लहर दौड़ गई। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक के बाद एक तीन ट्वीट कर लता दीदी के निधन पर दुख व्यक्त किया है।
चौहान ने कहा है कि स्वर साम्राज्ञी, परम श्रद्धेय लता मंगेशकर जी के निधन से अन्तर्मन दुख, पीड़ा, शोक से व्यथित है। देश ही नहीं, समूचे विश्व ने एक ऐसी स्वर साधिका को खो दिया, जिन्होंने अपनी मधुर आवाज से जीवन में आनंद घोलने वाले असंख्य गीत दिए। लता दीदी का तपस्वी जीवन स्वर साधना का अप्रतिम अध्याय है।
यह भी पढ़ें:
चौहान ने कहा कि आपका जीवन हिंदी फिल्म जगत के साथ ही भारतीय संगीत की ऐसी अद्भुत यात्रा रही, जिसने कई पीढ़ियों को मानवीय संवेदनाओं को जीवंत करते गीत-संगीत से जोड़ा। फिल्म जगत के उद्भव से अत्याधुनिक युग में प्रवेश करने तक दीदी सहयोगी से संरक्षक तक की भूमिका में रहीं। आपका योगदान अविस्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गीत-संगीत के प्रति समर्पण से परिष्कृत आपका व्यक्तित्व शालीनता, सौम्यता व आत्मीयता की त्रिवेणी रहा, जो कला साधकों को अनंतकाल तक प्रेरित करता रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। अपनी सुमधुर अमर आवाज से लता दीदी सदैव हम सभी के बीच रहेंगी।
प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र ने अपने ट्वीट संदेश में कहा है कि स्वरकोकिला, सुर शिरोमणि, भारत रत्न और हम सब की प्रिय लता दी के निधन की खबर अत्यंत पीड़ादाई है। ईश्वर उनकी दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और करोड़ों देशवासियों को इस असीम दूख को सहन करने की शक्ति दे। ॐ शांति🙏
मिश्रा ने कहा कि लता दी सुरों का जीवंत इतिहास थीं। उनका जाना सुरों की दुनिया के साथ ही पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके जाने से अचानक जिस खालीपन का अहसास हो रहा है, वो शायद लंबे समय तक भरा नहीं जा सकेगा।
संगीत का एक युग समाप्त हो गया-कमलनाथ
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी अपने ट्वीट संदेश में लता दीदी के निधन पर दुख व्यक्त किया है। कमलनाथ ने कहा है कि स्वर कोकिला , सुर साम्राज्ञी , कई पुरस्कारों से सम्मानित, मध्यप्रदेश के इंदौर में जन्मी लता मंगेशकर जी के निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक है। आज उनके निधन से संगीत का एक युग समाप्त हो गया।
उनका निधन कला क्षेत्र की ऐसी क्षति है जो कभी पूरी नही हो सकती है।
नाथ ने कहा कि उन्होंने भारतीय संगीत को अपनी सुरीली आवाज़ से विश्व भर में पहचान दी। उनके निधन पर शोक संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उनके परिजनो व करोड़ों प्रशंसको को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।
दिग्विजय बोले अमर रहेगी आवाज
राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने भी लता मंगेशकर के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट के जरिए कहा कि एक युग की समाप्ति हो गई। मध्यप्रदेश में जन्मी भारत रत्न लता मंगेशकर जी के निधन की दुःखद खबर है। उनकी आवाज़ अमर है। ना उनके जैसा हुआ है और ना होगा। हम उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
ॐ शांति ॐ शांति ॐ शांति
Published on:
06 Feb 2022 11:11 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
