
12 स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश की संभावना, कल भोपाल में भी बारिश की संभावना
भोपाल. मध्यप्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज बिगड़ने लगा है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। मौसम विभाग ने मंगलवार से प्रदेश के दक्षिण पूर्वी हिस्से में अनेक स्थानों पर बारिश, तेज हवा और ओले की संभावना जताई है, इसी प्रकार 27 फरवरी से पश्चिमी हिस्से में भी बारिश, ओले की स्थिति बन सकती है। ऐसे में किसानों से अपील की गई है कि वे मौसम को देखते हुए अपनी फसलों को सुरक्षित करें। अगर खेत, खलिहान में फसल है तो उसकी सुरक्षा करें।
इन दिनों पश्चिमी विक्षोभ, ट्रफ के असर के कारण प्रदेश में नमी आना शुरू हो गई है। फिलहाल तापमान में खास उतार चढ़ाव की स्थिति नहीं है। अधिकतम तापमान अधिकांश स्थानों पर 26 से 30 डिग्री और न्यूनतम 10 से 15 डिग्री के बीच चल रहे हैं। तापमान में मामूली उतार चढ़ाव का सिलसिला जारी है। इस बीच सोमवार से मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक मौसम इसी तरह रहने की संभावना जताई है।
हवाओं के मेल, ट्रफ और पश्चिमी विक्षोभ के कारण बिगड़ा मौसम
मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला ने बताया कि इस समय बंगाल की खाड़ी में एक सिस्टम है। इसके कारण बंगाल की खाड़ी से नमी के साथ दक्षिणी हवा आ रही है, साथ ही उत्तर से उत्तरी हवा भी आ रही है। दोनों हवा का मेल हो रहा है। इस समय छग से तमिलनाडु तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इस सिस्टम के कारण यह ट्रफ मप्र की ओर बढ़ेगी, जिसके कारण अगले दो तीन दिनों तक प्रदेश में अनेक स्थानों पर बारिश, तेज हवा और ओलावृष्टि की िस्थिति बनेगी। फिलहाल तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। एक उप्र में ट्रफ के रूप में बना हुआ है, इसी प्रकार एक ईरान की ओर है। इसी प्रकार 29 फरवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ् आने की संभावना है। इसके कारण मार्च में 3 से 4 तारीख मौसम इसी तरह उतार चढ़ाव भरा रहेगा।
Published on:
25 Feb 2024, 9:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.