भोपाल. प्रदेश भर में पिछले पांच दिनों से शुरू हुई तीखी सर्दी ने बीते दो दिनों में बेहद खतरनाक रूप हासिल कर लिया है। गणतंत्र दिवस पर बुधवार को पांच शहरों में शीतलहर चली वहीं दिन में इतनी कड़ाके की सर्दी रही कि आसमान खुला रहने और धूप निकलने के बावजूद 35 शहरों में सीवीएर कोल्ड डे और कोल्ड डे दर्ज किया गया। इसके बाद गुरुवार को भी तेवर बेरहम बने रहे और सुबह 13 शहरों में शीतलहर दर्ज की गई। दिन में कुछ नरमी आई और शाम तक 20 शहरों में कोल्ड डे और सीविएर कोल्ड डे दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि, अगले 24 से 48 घंटों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान इसी स्तर के आसपास बना रहेगा।
गुरुवार को सागर और खंडवा में तीव्र शीतलहर चली वहीं भोपाल, बैतूल, गुना, धार,रतलाम, होशंगाबाद, खरगौन, मलाजखंड, छिंदवाड़ा और जबलपुर में शीत लहर चली। प्रदेश में सबसे कम तापमान रायसेन में 3.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा नौगांव में 4.0, उमरिया में 4.5, रीवा में 4.6 तो छिंदवाडा में 5.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।