
TET Controversy Protest in MP (photo:patrika creative)
TET Controversy Protest in Bhopal: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज शनिवार 18 अप्रेल को प्रदेश भर के हजारों शिक्षक पहुंच रहे हैं। वे यहां शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करेंगे। बता दें कि मध्य प्रदेश अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा की के आह्वान पर राजधानी भोपाल में यह प्रदर्शन किया जाएगा।
शहर के भेल स्थित दशहरा मैदान में होने जा रहे इस प्रदर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से शिक्षक पहुंच रहे हैं। ये सभी 'मुख्यमंत्री अनुरोध यात्रा' के लिए दशहरा मैदान में एकत्रित हो रहे हैं। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के मुताबिक इस प्रदर्शन में 50 हजार से ज्यादा शिक्षकों के जुटने की संभावना है।
मामले में मोर्चा पदाधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) देने के लिए बाध्य किया जा रहा है, जो पूरी तरह अनुचित है। उनका तर्क है कि नियुक्ति के समय सभी आवश्यक योग्यता पूरी करने के बाद ही ये शिक्षक सेवा में लाए गए। अब 20-25 साल की सेवा के बाद उन शिक्षकों पर नई शर्तें थोपना न्यायसंगत नहीं है।
पदाधिकारियों का कहना है कि, सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश से 90 से 95 प्रतिशत तक शिक्षक प्रभावित हुए हैं। इनमें अधिकांश वे शिक्षक हैं, जो अध्यापक से शिक्षक संवर्ग में शामिल हुए हैं। इन शिक्षकों ने कम वेतनमान से अपनी सेवा शुरू की थी और अब भी पेंशन, ग्रेच्युटी और सेवा अवधि की गणना जैसे मूल अधिकारों के लिए इन्हें संघर्ष करना पड़ रहा है।
संयुक्त मोर्चा का आरोप है कि मध्यप्रदेश सरकार पहले ही नियुक्ति दिनांक से सेवा की गणना नहीं कर रही है, इससे शिक्षकों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। अब TET को अनिवार्य करने से उन पर अतिरिक्त दबाव बन रहा है। अब सेवा प्रभावित होने की स्थिति में कम पेंशन और ग्रेच्युटी मिलने की आशंका ने शिक्षकों की चिंता बढ़ा दी है।
मोर्चा के मुताबिक, वे इससे पहले 8 अप्रैल को जिला स्तर पर और 11 अप्रैल को ब्लॉक स्तर पर भी आंदोलन कर चुके हैं। चरणबद्ध तरीके से किए गए आंदोलन के तहत आज भोपाल में राज्य स्तरीय प्रदर्शन आयोजित किया गया है।
मोर्चा के प्रांतीय संयोजक मनोहर दुबे, जगदीश यादव, भरत पटेल, राकेश दुबे, परमानंद डहरिया, डीके सिंगौर, राकेश नायक, शिल्पी सिवान, राकेश पटेल, शालिग्राम चौधरी, विश्वेश्वर झरिया, रमाशंकर पांडेय और सत्येंद्र तिवारी ने सभी शिक्षकों से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में भोपाल पहुंचें और इस आयोजन का हिस्सा बनें।
Published on:
18 Apr 2026 12:00 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
