
उज्जैन के महाकाल लोक में रविवार को आंधी में क्षतिगस्त हो गईं सप्तऋषियों की मूर्ति के बाद सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ने मूर्तियां लगाने के निर्देश दिए हैं, वहीं कांग्रेस ने महाकाल लोक में भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाए हैं। इस संबंध में कांग्रेस ने भी जांच कमेटी गठित करते हुए कहा है कि भ्रष्टाचारियों के खिलाफ FIR दर्ज कराएंगे।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। केके मिश्रा ने कहा कि महज 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी ने कमल पर विराजे सप्तऋषि की मूर्तियों को खंडित कर दिया। यह भ्रष्टाचार की निशानी है। जिन-जिन लोगों ने इस महाकाल लोक में पैसा खाया है, उन्हें भुगतना पड़ेगा।
कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने कहा कि भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं सरकार लांघ चुकी है। 11 अक्टूबर 2022 को महाकाल लोक का उद्घाटन पीएम मोदी ने किया था। मात्र 7 माह में ही भ्रष्टाचार की तस्वीर, प्रदेश ही नहीं विश्व की जनता ने देखी है। आज दर्द का विषय यह है कि मुख्यमंत्री ने आज कांग्रेस पर आरोप लगाया, कमलनाथजी के ट्वीट पर हमला बोला है कि इस घटना को लेकर कांग्रेस पार्टी राजनीतिक रोटियां सेंक रही है। हमें यह अच्छा लगता यदि आप कहते कि भ्रष्टाचारियों को छोड़ूंगा नहीं।
गुजरात के लोगों को टेंडर
मिश्रा ने इस काम के लिए गुजरात की कंपनी को टेंडर देन का मुद्दा भी उठाया। मिश्रा ने कहा कि मध्यप्रदेश में कई मूर्तिकार हैं, कई बड़े कलाकार हैं। ग्वालियर में भी कई अच्छी मूर्तियां बनी हैं। इसके बावजूद भी गुजरात के ठेकेदारों को ठेका दिया। वे पूछना चाहते हैं कि गुजरात की कंपनियों को ही टेंडर क्यों स्वीकृत किया गया?
लोकायुक्त में जांच
मिश्रा ने कहा कि महाकाल लोक के बारे में हमारे कांग्रेस के विधायक महेश परमार जी ने लोकायुक्त को शिकायत की थी। लोकायुक्त ने इस शिकायत को सही पाया है। जिन अधिकारियों के खिलाफ शिकायत लोकायुक्त में दर्ज हुई है, उन्हें किन-किन बड़े पदों पर बैठा दिया गया है। भ्रष्टाचार करने के बाद उन्हें प्रताड़ित करने की बजाय आप उन्हें पुरस्कृत कर रहे हैं। हर जन मानस के मन में यह सवाल उठ रहे हैं। पिछले 10 सालों के रिकार्ड में दे सकता हूं कि कितने भ्रष्ट अधिकारी हैं।
हम FIR करेंगे
केके मिश्रा ने कहा कि महाकाल लोक में भ्रष्टाचार की जांच के लिए हमारी कमेटी बन गई है। हमारी एक्सपर्ट टीम पहुंच गई हैं। हम भी जांच के लिए जा रहे हैं। हम भ्रष्टाचार की जांच करेंगे। हम एफआईआर के लिए लिखेंगे, नहीं करेंगे तो हमारी सरकार आएगी, तब एफआइआर करेंगे।
समिति का गठन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने महाकाल लोक में मूर्तियों के बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए एक जाँच समिति का गठन किया है। यह जाँच समिति शीघ्र ही उज्जैन पहुँचकर पूरी घटना की रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं पत्रकार वार्ता कर आम जनता के समक्ष रखेगी।
क्या बोले कमलनाथ
कमलनाथ ने ट्वीट के जरिए कहा है कि मध्य प्रदेश की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने जब उज्जैन में महाकाल मंदिर परिसर का भव्य निर्माण करने का संकल्प लिया था तब इस बात की कल्पना नहीं की थी कि बाद की सरकार महाकाल लोक के निर्माण में भी गंभीर अनियमितता करेगी। आज जिस तरह से महाकाल लोक परिसर में आंधी चलने से देव प्रतिमाएं जमीन पर गिर गईं, वह दृश्य किसी भी धार्मिक व्यक्ति के लिए अत्यंत करुण दृश्य है। मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि महाकाल लोक में जो प्रतिमाएं गिरी हैं, वहां नई प्रतिमाएं तुरंत स्थापित की जाएं और घटिया निर्माण करने वालों को जांच कर दंडित किया जाए।
कांग्रेस ने किए एक के बाद एक कई ट्वीट
0 महाकाल लोक में हुआ था भ्रष्टाचारः गुजरात की कंपनी को अवैध तरीक़े से दिया काम, बाद में सामान बदलकर गुजराती ठेकेदार को करोड़ों का लाभ पहुँचाया।
0 उज्जैन में हवा और बारिश के चलते महाकाल लोक में किए गए गुणवत्ताहीन कार्यों की पोल खुली, महाकाल लोक में लगी मूर्तियां उड़ीं और बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त हुईं।
Updated on:
29 May 2023 01:50 pm
Published on:
29 May 2023 01:45 pm

बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
