
Twisha Sharma Case Live Updates: (Photo Source - Patrika)
Twisha Sharma Case Live Updates:मध्यप्रदेश के भोपाल शहर का बहुचर्चित केस ट्विशा शर्मा केस में लगातार बड़े अपडेट सामने आ रहे है। आज भोपाल एम्स में ट्विशा शर्मा की डेडबॉडी का दिल्ली एम्स की 4 सदस्यीय टीम दोबारा पोस्टमॉर्टम किया है। वहीं टि्वशा के भाई मेजर हर्षित ने जानकारी दी है कि पोस्टमॉर्टम के बाद भदभदा श्मशान घाट में शाम 5 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा।
वहीं पिता नवनिधि शर्मा ने कहा- केस जल्द CBI को ट्रांसफर किया जाए। बता दें कि ट्विशा की मौत के 13 दिन बाद तक उसके शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जा सका था क्योंकि उसके परिवार का आरोप था कि ट्विशा की सास और पति के रसूख के चलते कई तथ्य छुपाए गए। अब दूसरे पोस्टमार्टम के बाद आखिरकार ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार होगा।
बताया जा रहा है कि ट्विशा का अंतिम संस्कार भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर होगा। ट्विशा के भाई आशीष शर्मा ने बताया है कि आज शाम 5:00 बजे ट्विशा की अंतिम क्रियाएं पूरी की जाएंगी। क्या समर्थ का परिवार भी इसमें शामिल होगा इस सवाल पर उन्होंने कहा कि यह कोई न्योता देने का काम नहीं होता, जिसकी श्रद्धा होगी आएगा।
ट्विशा शर्मा मामले में पिता नवनिधि शर्मा ने दिल्ली स्थित AIIMS द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड को पत्र लिखकर उनकी बेटी के दूसरे पोस्टमार्टम से पूर्व उसके पहले पोस्टमार्टम को लेकर कई सवाल उठाए। ट्विशा के परिवार ने बोर्ड से अनुरोध किया कि वह स्वतंत्र रूप से मामले की जांच करे तथा फॉरेंसिक, पैथोलॉजिकल और रेडियोलॉजिकल तरीकों को शामिल करते हुए बहु-विषयक दृष्टिकोण अपनाए।
परिजनों का कहना है कि पहले पोस्टमार्टम के दौरान कई पहलुओं की पर्याप्त जांच नहीं की गई. परिवार ने कहा कि यह पत्र बोर्ड को प्रभावित करने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि उन चिंताओं से अवगत कराने के लिए है जिनके कारण दूसरे पोस्टमार्टम की मांग की गई।
ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत का मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: ट्विशा शर्मा के केस पर संज्ञान लिया है। सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की एक बेंच ने ट्विशा शर्मा की मौत के मामले पर सुनवाई करने का फैसला किया है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ में ट्विशा शर्मा केस की सुनवाई 25 मई (सोमवार) को होगी। सुप्रीम कोर्ट ने ट्विशा शर्मा की मौत के मामले को 'एक युवती की ससुराल में अप्राकृतिक मौत के मामले में कथित संस्थागत पूर्वाग्रह और प्रक्रियागत विसंगतियां' शीर्षक के तहत लिस्ट किया है।
31 वर्षीय ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थी। दिसंबर, 2025 में शादी डॉट कॉम के जरिए ट्विशा की शादी भोपाल की पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के अधिवक्ता बेटे समर्थ सिंह के साथ हुई थी। 12 मई की रात ट्विशा नोएडा में रहने वाली अपनी मां और अन्य परिजनों से बात कर बता रही थी कि उसे टार्चर किया जा रहा है। नौकरी छोड़ने के कारण नाकारा कहा जा रहा है। मुझे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा है।
इसके बाद ही उसका फोन कट गया और दो घंटे बाद सास गिरिबाला सिंह ने मायके वालों को फोन कर बताया कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। ट्विशा के मायके वालों ने पति व ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और हत्या करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
Updated on:
24 May 2026 02:35 pm
Published on:
24 May 2026 01:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
