
Twisha Sharma Last Rites:(Photo Source - Patrika)
Twisha Sharma Case Live Updates: आज से 5 महीने पहले जिस बेटी ने सुनहरे सपने के साथ ससुराल में कदम रखा था आज वही बेटी हमेशा के लिए खामोश हो गई। भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर ट्विशा शर्मा को अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार के बाद परिवार की आंखों में आंसू हैं, दिल में दर्द है और मन में कई अनसुलझे सवाल हैं। ट्विशा का पूरा परिवार उसे याद कर बार-बार भावुक हो रहा हैं। कभी हंसी-खुशी से भरा रहने वाला घर आज मातम में डूबा है। हर किसी की जुबां पर एक ही सवाल है कि आखिर इतनी कम उम्र में जिंदगी ने ऐसा दर्दनाक मोड़ क्यों लिया।
ट्विशा का शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया लेकिन उसकी यादें, उसकी मुस्कान और उससे जुड़ी अनगिनत बातें हमेशा अपनों के दिलों में जिंदा रहेंगी। एक बेटी, एक बहन और एक अपने को खोने का यह दर्द परिवार के लिए जिंदगीभर का जख्म बन गया है। ट्विशा के भाई हर्षित शर्मा ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान वे काफी भावुक भी नजर आए।
पोस्टमार्ट के दौरान बाहर ट्विशा की मां रेखा शर्मा भावुक हो गईं. उन्होंने कहा कि “मेरी बेटी पहले भी अच्छी थी और अब जहां होगी, वहां भी अच्छी होगी.” परिवार ने उम्मीद जताई कि अब उन्हें न्याय मिलेगा। सुप्रीम कोर्ट द्वारा मामले का स्वतः संज्ञान लेने और AIIMS दिल्ली की विशेषज्ञ टीम के भोपाल पहुंचने के बाद शर्मा परिवार को जांच पर भरोसा बढ़ा है। मामले में CBI जांच की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है, जिससे इस हाई प्रोफाइल केस पर देशभर की नजरें टिक गई हैं।
ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत का मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: ट्विशा शर्मा के केस पर संज्ञान लिया है। सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की एक बेंच ने ट्विशा शर्मा की मौत के मामले पर सुनवाई करने का फैसला किया है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ में ट्विशा शर्मा केस की सुनवाई 25 मई (सोमवार) को होगी। सुप्रीम कोर्ट ने ट्विशा शर्मा की मौत के मामले को 'एक युवती की ससुराल में अप्राकृतिक मौत के मामले में कथित संस्थागत पूर्वाग्रह और प्रक्रियागत विसंगतियां' शीर्षक के तहत लिस्ट किया है।
31 वर्षीय ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थी। दिसंबर, 2025 में शादी डॉट कॉम के जरिए ट्विशा की शादी भोपाल की पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के अधिवक्ता बेटे समर्थ सिंह के साथ हुई थी। 12 मई की रात ट्विशा नोएडा में रहने वाली अपनी मां और अन्य परिजनों से बात कर बता रही थी कि उसे टार्चर किया जा रहा है। नौकरी छोड़ने के कारण नाकारा कहा जा रहा है। मुझे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा है।
इसके बाद ही उसका फोन कट गया और दो घंटे बाद सास गिरिबाला सिंह ने मायके वालों को फोन कर बताया कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। ट्विशा के मायके वालों ने पति व ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और हत्या करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
Updated on:
24 May 2026 05:53 pm
Published on:
24 May 2026 05:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
