
भाजपा को एक साथ पांच झटके : हजारों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस में शामिल हुए 5 दिग्गज नेता
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 से पहले राज्य में दल बदल का सिलसिला जोरों पर हैं। इसी कड़ी में शनिवार का दिन मध्य प्रदेश कांग्रेस के लिए बेहद खास माना जा रहा है। क्योंकि, आज राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की अध्यक्षता और मध्य प्रदेश चुनाव प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला की मौजूदगी में प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में जोर रखने वाले पांच दिग्गज नेताओं ने भाजपा का दामन छोड़ कांग्रेस की सदस्यता ली है।
ये दिग्गज नेता कांग्रेस में शामिल
कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं में उत्तर प्रदेश के नेताओं तक की एंट्री हुई है। इनमें यूपी के ललितपुर से पूर्व सांसद सुजान सिंह बुंदेला के बेटे और बसपा-सपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके गुड्डू राजा बुंदेला हैं। इसके अलावा भाजपा से कोलारस के विधायक वीरेंद्र सिंह रघुवंशी, पूर्व विधायक स्व. देवेंद्र सिंह रघुवंशी की बेटी और गुना की कद्दावर नेता अंशु रघुवंशी, पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत, पूर्व मंत्री उमा शंकर गुप्ता के भांजे, जनसंघ बीजेपी के संस्थापक स्व नारायण प्रसाद गुप्ता के नाती और बीजेपी आईटी सेल के प्रदेश सह संयोजक रह चुके भाजपा नेता डॉ आशीष अग्रवाल (गोलू) का नाम शामिल है।
अब एमपी कांग्रेस सक्रीय हुए यूपी के गुड्डू राजा बुंदेला
एमपी की सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के ललितपुर में बुंदेला परिवार की अपनी अलग पहचान रही है। एक दौर में बुंदेलखंड की सियासत में बुंदेला परिवार की तूती बोलती थी। चंद्रभूषण सिंह बुंदेला उर्फ गुड्डु राजा सुजान सिंह बुंदेला के बेटे हैं। उनके पिता सुजान सिंह बुंदेला कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे हैं। साथ ही, दो बार झांसी से सांसद भी रहे उनके दो भाई भगत राजा और पूरन सिंह बुंदेला भी मंत्री भी रह चुके हैं। यही नहीं, गुड्डू राजा बुंदेला दो बार बसपा-सपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। अब मध्य प्रदेश की सियासत में उनकी एंट्री को काफी प्रभावी माना जा रहा है। गुड्डू राजा बुंदेला ने शनिवार को सैकड़ों गाड़ियों में सवार अपने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ राजधानी भोपाल पहुंचकर कांग्रेस की सदस्यता ली है।
विधायक रघुवंशी कांग्रेस में शामिल
वहीं, भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह रघुवंशी भी शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। वीरेंद्र सिंह कोलारस विधानसभा से मौजूद भाजपा विधायक हैं। उन्होंने गुरुवार को बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दिया था। दो बार के भाजपा विधायक रघुवंशी ने अपने लेटर पैड पर लिखा था कि, 'उन्होंने पिछले कई वर्षों में अपने दर्द के बारे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और शीश नेतृत्व को सूचित किया था। भारी मन से में बीजेपी और प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं। मैंने पिछले 5 साल से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अपनी समस्या व्यक्त करता रहा हूं, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। कोलारस और शिवपुरी में भ्रष्ट अधिकारियों की नियुक्ति की गई। ' उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि, 'मेरे समर्थकों को लगातार परेशान किया जा रहा है। 'वीरेंद्र सिंह रघुवंशी पुराने कांग्रेसी कार्यकर्ता रहे हैं। माना जा रहा है कि, इस बार कांग्रेस पार्टी उन्हें विधानसभा चुनाव के मैदान में उतार सकती है।
पूर्व विधायक की बेटी अंशु रघुवंशी हजारों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस में शामिल
अंशु रघुवंशी के जरिए एक और सिंधिया समर्थक ने भाजपा का दामन छोड़ दिया है। पूर्व विधायक स्व. देवेंद्र सिंह रघुवंशी की बेटी अंशु रघुवंशी ने शुक्रवार को भाजपा से इस्तीफा दिया था। इस दौरान उन्होंने बीजेपी के गुना जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार को एक पत्र भी लिखा था, जिसमें उन्होंने भाजपा पर उपेक्षा और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। इसी के साथ आज उन्होंने भी हजारों कार्यकर्ताओं के साथ भोपाल पहुंचकर कमलनाथ की अध्यक्षता में कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। अंशू द्वारा भाजपा जिला अध्यक्ष को लिखे पत्र में कहा था कि, जिस उद्देश्य से हम काम कर रहे थे वो पूर्ण नहीं हो रहा और मूल कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है व भ्रष्टाचार चर्म सीमा पर है। जब हम अपने ही कार्यकर्ताओं का काम नहीं करा पा रहे है तो ऐसी पार्टी में रहने का कोई मकसद नहीं। बता दें कि अंशु ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थी।
भंवर सिंह शेखावत ने थामा कांग्रेस का दामन
इधर, धार जिले के बदनावर से भी भाजपा को पूर्व विधायक और भंवर सिंह शेखावत के रूप में एक और झटका लगा है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता भंवर सिंह ने भी शनिवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। बताया जा रहा है कि, भवर सिंह भी बीते लंबे समय से भाजपा में उनकी उपेक्षा को लेकर नाराज चल रहे थे। हालांकि कांग्रेस में उनके शामिल होने के पहली ही बदनावर विधानसभा सीट पर उनके खिलाफ कांग्रेस में खुलकर नाराजगी सामने आ चुकी है।
गोलू भी कांग्रेस में शामिल
बीजेपी नेता डॉ आशीष अग्रवाल (गोलू) ने भी शनिवार को कांग्रेस का हाथ पकड़ लिया है। आको बता दें कि, गोलू अग्रवाल युवा सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष है। साथ ही, बीजेपी आईटी सेल के प्रदेश सह संयोजक भी रह चुके हैं। इसके अलावा, ये पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता के भांजे और जनसंघ बीजेपी के संस्थापक स्व नारायण प्रसाद गुप्ता के नाती भी हैं।
Updated on:
02 Sept 2023 04:20 pm
Published on:
02 Sept 2023 02:08 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
