
भोपाल। मप्र के मुख्यमंत्री के रूप में शिवराज सिंह चौहान को 29 नवंबर 2017 को 12 साल पूरे हो जाएंगे। इस बात को ध्यान में रखते हुए सत्ता और संगठन ने पूरी रणनीति तैयार कर ली है। इसके तहत हर विधायक को अपने क्षेत्र में विकास यात्राएं निकालने का फरमान जारी किया है।
वहीं मुख्यमंत्री ने भी अलग-अलग क्षेत्र के विधायकों से एक-एक कर की गई चर्चा में भी विकास यात्रा निकालने को कहा है। इधर,प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार चौहान भी विधायक दल की बैठक में यह ऐलान कर चुके हैं। वहीं विपक्ष के नेताओं व जानकारों का कहना है कि दरअसल सरकार ने अब 2018 के चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है, इसी के तहत यह सारी तैयारी की जा रही हैं।
इसी के तहत 29 नवंबर को राजधानी भोपाल में एक बड़ा आयोजन होगा। जिसमें केंद्रीय मंंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, थावरचंद्र गहलोत, प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्ध समेत अन्य पदाधिकारियों को बुलाया गया है।
जबकि विधानसभा क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं के प्रचार के लिए यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं में क्षेत्रीय सांसद, जिलाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष समेत पार्टी के लोग शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधायक दल की बैठक में विधायकों से कहा कि भावांतर, रेत नीति, पोषण आहार नीति समेत लोकप्रिय योजनाएं लाडली लक्ष्मी, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना आदि की जानकारी लोगों को बताएं।
हर गांव में गिनाया जाएगा विकास
अगले हफ्ते विधानसभा क्षेत्रों में निकलने वाली विकास यात्राएं जिस गांव से होकर निकलेंगी, उस गांव के विकास को गांव में ही गिनाया जाएगा। गांव को मुख्य मार्ग से जोडऩे, पेयजल व्यवस्था, बिजली, गांव में सीसी मार्ग, स्वास्थ्य एवं अन्य ऐसी सुविधाएं जो लोगों को मुहैया कराई गई हैं।
उनके माध्यम से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का गुणगान जनता के बीच किया जाएगा। खास बात यह है कि विकास यात्रा में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ताओं को शामिल होने के लिए प्रदेश संगठन की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं।
Published on:
23 Nov 2017, 4:42 PM IST
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.