
Weather News
भोपाल। पश्चिमी विक्षोभों के कारण बैसाख माह में ढीले पड़े गर्मी के तेवर अब अपना असर दिखाने लगे हैं। मध्यप्रदेश में गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। आने वाले तीन दिनों में तीखी धूप के साथ लू के थपेड़े लोगों को परेशान कर सकते हैं। मौसम विभाग ने यह पूर्वानुमान जारी किया है।
चक्रवाती तूफान मोचा का असर
विभाग का कहना है कि कई जिलों में इस दौरान अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि उत्तर पूर्वी राज्यों, अंडमान व निकाबोर व बंगाल की खाड़ी से सटे इलाकों में चक्रवाती तूफान मोचा का असर रहेगा। इसके साथ ही दक्षिण भारतीय राज्यों में भी बारिश व आंधी- तूफान का मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है।
मानसून से पूर्व अप्रेल महीने में देश में दीर्घकालीन औसत 39.3 मिमी के मुकाबले 41.4 मिमी यानी औसत से पांच फीसदी ज्यादा बारिश हुई। उत्तर पश्चिम भारत में सामान्य बारिश 31.9 मिमी के मुकाबले 43.7 मिमी पानी बरसा। इसके असर से देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 0.26 डिग्री से अधिक नहीं जा सका।
पारा 44 डिग्री तक पहुंचा
पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी भारत, राजस्थान, मध्यप्रदेश, पूर्वी उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र व गुजरात में पारा तेजी से बढ़ता नजर आया। इन राज्यों में अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। सौराष्ट्र, कच्छ, बिहार, पश्चिम बंगाल व उत्तर भारतीय राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। न्यूनतम तापमान बढ़ने की संभावना है। कोंकण, ओडिसा, तमिलनाडू, केरल सहित राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल व तटवर्ती आंध्रप्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू के थपेड़े और भीषण गर्मी जनजीवन को प्रभावित कर सकती है।
Published on:
12 May 2023 11:52 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
