स्टील प्लांट वाली जमीन को पान, काजू, नारियल की खेती के लिए मुफीद बताया जाता है। सोशल वर्कर ट्रेड यूनियन प्रफुल्ल सामंतरा का कहना है कि इस जमीन पर ढाई लाख से ज्यादा पेड़ काट दिए गए। कुल जमीन का 75 फीसदी वन और कृषि क्षेत्र है। सरकार फिर वही पॉस्को की तरह जिंदल को जमीन देने पर अड़ गई है। इसका विरोध किया जाएगा। प्रफुल्ल कहते हैं कि इस जमीन के दायरे में 6 गांवों के 718 परिवार आते हैं। इनमें सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाला गांव नोलिया साही है। जहां अब जिंदल की कंपनी के लिए 240 परिवारों को विस्थापित करने की योजना है। इसी तरह ढिकिया गांव के 202, गोविंदपुर के 169, भुआंपाली के 12, पोलांग के 77 और नुआं के 18 परिवार परिवारों को जाना पड़ सकता है। प्रफुल्ल कहते हैं कि नियमागिरि की तर्ज पर जगतसिंहपुर के इस प्लांट के लिए जमीन का मामला गांवों की पल्ली सभाओं पर छोड़ देना चाहिए।