
CG Exclusive News: मो. इरशाद खान. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम ब्लॉक में एक रहस्यमयी गुफा है। भोपालपट्टनम ब्लॉक मुख्यालय से 6 किमी दूर स्थित सकलनारायण गुफा में हर साल हिंदू नववर्ष पर मेला भरता है। इस मौके पर यहां पर भगवान कृष्ण और राधा रानी का विवाह रचाया जाता है। इस मेले में शामिल होने के लिए बस्तर के अलावा तेलंगाना और महाराष्ट्र से भी लोग पहुंचते हैं। गुफा में श्रीकृष्ण कि मूर्ति रखी हुई है। यहां दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
जानकार बताते हैं कि इस गुफा में रामायण और महाभारत काल के रहस्य छिपे हुए हैं। गुफा के अंदर बहुत सी सुरंगें हैं। इन सुरंगों में भगवान विराजे हुए हैं। पहाड़ी के अन्दर दस मीटर की सुरंग है जहां गोपिकाओं की मूर्तियां हैं। भक्त यहां भी घुटनों के बल जाकर दर्शन कर लौटते हैं।
इस गुफा तक पहुंचने कोई पक्का रास्ता नही है। वीरान गुफा के अंदर एकांत में भगवान श्रीकृष्ण विराजमान हैं। पहाड़ी के आसपास के पुजारी व ग्रामीण इस दर्शन की पूरी व्यवस्था करते है। गुफा तक पहुंचने के लिए चार से पांच किमी तक चलना पड़ता है।
गुफा में भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के विवाह की रस्में पांच दिन तक चलती हैं। पूरे रीती रिवाज से यहां रस्में पूरी की जाती हैं। विवाह समरोह के अंतिम दिन हिन्दू नववर्ष की शुरुआत होती हैं। दर्शन के लिए आए भक्तों के लिए समिति की तरफ से भंडारे का इंतजाम किया जाता है।
सकलनारायण पोषड़पल्ली में इस साल 26 से 30 तारीख तक मेले का आयोजन हो रहा है। 26 मार्च को मण्डपच्छादन, 27 को गोवर्धन पर्वत पूजा अर्चना एवं ध्वजारोहण, 28 को श्री कृष्ण भगवान पूजा अर्चना मंदिर परिसर में 29 को दोपहर 2 बजे राधा एवं कृष्ण विवाह समारोह एवं क्षेत्रीय लोकल नृत्य, 30 को भगवान की रथ यात्रा एवं समापन होगा।
Updated on:
29 Mar 2025 08:47 am
Published on:
29 Mar 2025 08:47 am
