
नमाज के लिए निकला युवक फंदे से लटका मिला..
Bijnor Suicide News: यूपी के बिजनौर जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी। 26 वर्षीय नवेद सोमवार शाम नमाज पढ़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार वालों ने पहले खुद तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह अचानक सूचना मिली कि नगीना-काला खेड़ी मार्ग पर स्थित पानी की ऊंची टंकी पर एक युवक का शव लटका हुआ है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान नवेद के रूप में की, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
परिजन जब युवक की गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे, तो पुलिस ने 24 घंटे बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया। इसी बीच अगली सुबह युवक का शव मिलने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद युवक को बचाया जा सकता था।
घटना स्थल पर पहुंची पुलिस को शव नीचे उतारने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा, क्योंकि पानी की टंकी करीब 50 फीट ऊंची थी। इसके बाद फायर ब्रिगेड टीम को बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद रस्सियों और सीढ़ी की मदद से शव को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे कब्जे में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक ने बीमारी और मानसिक तनाव के चलते यह कदम उठाया। सीओ डॉ. अंजनी कुमार ने बताया कि नोट में युवक ने अपनी इच्छा से आत्महत्या करने की बात लिखी है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार, नवेद दिल्ली में रहकर लाइट फिटिंग का काम सीख रहा था और 14 फरवरी को घर आया था। परिवार का कहना है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। चाचा शरीफउद्दीन ने बताया कि नवेद कुछ समय से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था। इसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान भी रहने लगा था।
सोमवार शाम करीब 6:30 बजे नवेद की आखिरी बार घरवालों से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। रात करीब 10 बजे जब परिवार ने संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला। इसके बाद से ही परिवार को अनहोनी की आशंका सताने लगी थी।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
Published on:
31 Mar 2026 05:50 pm
बड़ी खबरें
View Allबिजनोर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
