
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
बिजनौर. त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव (Panchayat Election) के मद्देनजर शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने तीन शराब माफियाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों शराब माफियाओं के पास से भारी मात्रा में अवैध शराब भी बरामद की है। पुलिस ने तीनों शराब माफियाओं को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।
दरअसल, आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दृष्टिगत बिजनौर एसपी के निर्देश पर अवैध शराब और शराब माफियाओं के खिलाफ जिले में अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पंचायत चुनाव शुरू होने से पहले ही पुलिस शराब माफियाओं को सलाखों के पीछे भेजना चाहती है, ताकि ये शराब के जरिये चुनाव को प्रभावित न कर सकें। इसी अभियान के तहत बिजनौर की चांदपुर थाना पुलिस और स्वाट टीम ने मुखबिर की सूचना पर धनोरा फाटक के पास से दो संदिग्ध गाड़ियों को रोका। जिसके बाद गाड़ियों की तलाशी ली गई। पुलिस को दोनों संदिग्ध गाड़ियों में 1125 पव्वे अवैध शराब, 60 लीटर अवैध शराब से भरी हुई प्लास्टिक की कैन, 60 खाली पव्वे और 7 किलोग्राम यूरिया बरामद किया।
पुलिस ने अवैध शराब के साथ ही आरोपी शराब माफियाओं कुलदीप, अजय और हेमेंद्र उर्फ गोपी टार्जन को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह सभी लोग मिलकर आगामी पंचायत चुनाव के दृष्टिगत ग्राम प्रधान पद के उम्मीदवारों को यह शराब उपलब्ध कराकर रुपया कमाते। गिरफ्तार हुए आरोपी यह काम काफी समय से करते आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।
Published on:
14 Mar 2021 04:31 pm
