17 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

वृद्धा के पेट से निकाली 20 किलो की गांठ, पांच घंटे चला ऑपरेशन

आचार्य तुलसी कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केन्द्र में 70 वर्षीय महिला का ऑपरेशन कर उसके पेट से 20 किलो की गांठ निकाली गई है।

2 min read
Google source verification
operation

operation

बीकानेर . पीबीएम अस्पताल से संबद्ध आचार्य तुलसी कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केन्द्र में 70 वर्षीय महिला का ऑपरेशन कर उसके पेट से 20 किलो की गांठ निकाली गई है। गांठ का साइज २० गुणा २५ का है। ऑपरेशन चार दिन पहले किया। अब महिला के स्वास्थ्य में सुधार है। उसने खाना-पीना शुरू कर दिया है। नागौर जिले के सेवड़ी गांव की तुलसी देवी (काल्पनिक नाम) के पेट में लंबे समय से गांठ थी।

गांठ के कारण खाने-पीने, सोने, बैठने व उठने सहित दैनिक कार्यों में दिक्कत होने लगी। परिजनों ने चिकित्सकों को दिखाया, लेकिन आराम नहीं मिला। उन्हें एक महीने पहले आचार्य तुलसी कैंसर अस्पताल में कैंसर सर्जन डॉ. संदीप गुप्ता को दिखाया। उन्होंने सभी जांचें कराने के बाद पाया कि पेट में ओवेरियन ट्यूमर है, जिसने पेट के कई हिस्सों को घेर लिया है। डॉ. गुप्ता के नेतृत्व में डॉ. रहमान, डॉ. सुभाष शर्मा, नर्सिंग स्टाफ कृष्णा एवं अम्बिका टीम ने ऑपरेशन गांठ को निकाल दिया।

कम होने लगा वजन
तुलसीदेवी के पेट में साल से दर्द था। एक-दो महीनों में गांठ काफी बड़ी हो गई। वजन तेजी से कम होने लगा। पेट में हर समय भारीपन रहने से उन्होंने खाना-पीना तक छोड़ दिया था।

ये हैं लक्षण
लंबे समय तक पेट में भारीपन, अपच, गैस या खिंचाव महसूस होना ओवेरियन कैंसर के लक्षण हो सकते हैं। समय-समय पर जांच से अंडाशय में होने वाली बीमारी का पता लगाकर इलाज किया जा सकता है।

ऑपरेशन चुनौतिपूर्ण
सहायक आचार्य व कैंसर सर्जन डॉ. संदीप गुप्ता ने बताया कि मरीज की उम्र ज्यादा होने के साथ ओवेरियन ट्यूमर ने पेट एवं पेल्विस के अधिकांश हिस्से को घेर लिया। खून की मुख्य नाडिय़ां व यूरेटर गांठ के नीचे दबे हुए थे। बच्चेदानी व ट्यूमर को खून की नाडिय़ों, गुर्दे, यूरेटर एवं आंतों को बचाकर निकाला गया। ऑपरेशन में करीब पांच घंटे लगे। अब मरीज की हिस्टोपैथोलोजी रिपोर्ट आने के बाद आगे के इलाज कीमोथैरेपी का निर्णय किया जाएगा।