6 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एक परिवार ने साथ बैठकर खाया खाना और उसके बाद हुआ कुछ ऐसा, पढ़े पूरी खबर

काश्तकार के पूरे परिवार की तबीयत बिगड़ गई। निजी वाहन से पीबीएम अस्पताल लाए, जहां एक बच्चे को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

2 min read
Google source verification
eat together

एक साथ खाया खाना

बीकानेर/देशनोक. जिले के लालमदसेर मगरा गांव में बासी दाल खाने से एक काश्तकार के पूरे परिवार की तबीयत बिगड़ गई। खेत पड़ोसी उन्हें निजी वाहन से पीबीएम अस्पताल लाए, जहां पांच वर्षीय एक बच्चे को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया जबकि शेष दो बच्चों को शिशु अस्पताल एवं पति-पत्नी को वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है।

जानकारी के अनुसार कुचौर आथुणी निवासी 31 वर्षीय रामेश्वर लाल लालमदेसर मगरा में काश्तकारी करता है। वह खेत में ढाणी बनाकर 27 वर्षीय पत्नी मोहनी देवी और सात वर्षीय पुत्री आरती, पांच वर्षीय पुत्र संजय उर्फ संजू एवं चार वर्षीय अजय के साथ रहता है। मंगलवार को परिवार के सभी सदस्यों ने खाना खाया।

खाना खाने के दौरान सभी लोगों ने घर में बनी बासी दाल खा ली, जिससे सभी को उल्टियां होने लगी। खेत पड़ोसी को पता चलने पर वह उन्हें निजी वाहन से पीबीएम अस्पताल लाए। पति-पत्नी को पीबीएम के एच और के वार्ड में भर्ती किया जबकि पुत्री आरती को शिशु अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

शिशु अस्पताल की द्वितीय यूनिट प्रभारी डॉ. घनश्याम सेंगर ने बताया कि तीन बच्चों को अस्पताल लाया गया था, जिसमें से एक मृत अवस्था में था, जिसे मोर्चरी शिफ्ट करवा दिया गया। सात वर्षीय आरती को आईसीयू में रखा। बुधवार को उसकी तबीयत में सुधार होने पर उसे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।

महिला मोहिनी देवी पीबीएम अस्पताल में 'के' वार्ड में भर्ती है, जिसके साथ उसका चार वर्षीय बच्चा अजय भी भर्ती है। अजय ने खाना नहीं खाया, जिसके चलते उसकी तबीयत खराब नहीं हुई। पीबीएम चौकी के मुताबिक मृतक पांच वर्षीय संजय का शव मोर्चरी में रखवा दिया गया।

इस संदर्भ में देशनोक थाने में सूचना दे दी गई। देशनोक पुलिस के अनुसार परिजनों ने इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं करवाई और बिना पोस्टमार्टम शव ले गए। मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि रामेश्वरलाल एवं मोहिनी देवी की तबीयत में पहले से सुधार है।