
ACB proceedings
खाजूवाला. पूगल तथा बीकानेर उपखण्ड कार्यालय में चल रहे बड़े खेल की शिकायतें लगातार भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कार्यालय बीकानेर को मिलने पर गुरुवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजनीश पूनियां खाजूवाला उपखण्ड कार्यालय में अचानक पहुंचे। एसीबी की टीम को देखकर खाजूवाला उपखण्ड कार्यालय तथा अन्य विभागों में खलबली मच गई।
एसीबी अधिकारी पूनियां ने फाईलों का निरीक्षण किया तथा कुछ फाईलों को अपने कब्जे में ली। पूनियां ने बताया कि पिछले काफी लम्बे समय से उपखण्ड कार्यालय खाजूवाला, पूगल तथा बीकानेर में भू-माफिया गिरोह सक्रिय है और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीनों का आवंटन करवाने में सफल रहा। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है, फर्जी तरीके से रिकॉर्ड तैयार करने वाले तथा जमीनों का आवंटन करवाने वालों की जांच जारी है और अगर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीनों का आवंटन करवाने वालों के खिलाफ आरोप सिद्ध हो जाता है तो सब जेल जाएंंगे। गुरुवार को कुछ फाईलों का निरीक्षण किया गया और कुछ फाईलें जप्त की गई हैं। पूनियां ने बताया कि आरडब्लए में काफी प्रकरणों के तहत समझौते करवा कर जमीनों को हड़पने का गौरख धन्धा पिछले काफी समय से खाजूवाला, पूगल तथा बीकानेर उपखण्ड कार्यालयों में चला है। पूर्व में उपखण्ड कार्यालय बीकानेर होने के कारण तीनों कार्यालय जांच के दायरे में आते हैं। तीनों कार्यालय में लगातार जांच जारी है। बैक तारीखों में काफी दस्तावेज तैयार हुए हैं जिससे जमीनों का आवंटन फर्जी तरीके करवाने में भू-माफिया सक्रिय हैं। रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला है कि कूटरचित आवंटन तैयार कर राजस्व रिकॉर्ड में रखा हुआ है और वहीं से बड़े स्तर पर फर्जी तरीके से जमीनों का आवंटन हुआ है। गौरतलब है कि सक्रिय भू-माफियों से सरकार को राजस्व का काफी बड़ा नुकसान हुआ होगा।
बैठक 11 को
लूणकरनसर. लूणकरनसर पंचायत समिति की साधारण सभा की बैठक 11 जुलाई को प्रधान गोविन्दराम गोदारा की अध्यक्षता में आयोजित होगी। विकास अधिकारी सुनील छाबड़ा ने बताया कि बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। इसमें पानी, बिजली, चिकित्सा, शिक्षा समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।
Published on:
06 Jul 2018 11:19 am
