
. स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय
स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के 40वें स्थापना दिवस समारोह में राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे शामिल होंगे। राज्यपाल 1 अगस्त को विश्वविद्यालय परिसर स्थित विद्या मंडप में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे विद्यार्थियों और किसानों से संवाद करने के साथ विश्वविद्यालय की कृषि अनुसंधान एवं तकनीकी उपलब्धियों का अवलोकन करेंगे। विश्वविद्यालय कुलगुरु डॉ. राजेंद्र बाबू दुबे ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा। समारोह के अतिविशिष्ट अतिथि केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल तथा विशिष्ट अतिथि कृषि एवं उद्यानिकी विभाग मंत्री किरोड़ीलाल मीणा होंगे।
समारोह में विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति डॉ. केएन नाग और माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान के अध्यक्ष हनुमान सिंह राठौड़ मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। कुलगुरु ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से किए गए फसल अनुसंधान, शोध कार्यों, कृषि तकनीक और नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। समारोह में आयोजित प्रदर्शनी में आधुनिक कृषि तकनीकों, विश्वविद्यालय द्वारा विकसित मूल्य संवर्धित उत्पादों और किसानों के लिए उपयोगी नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनी के माध्यम से कृषि क्षेत्र में हो रहे बदलाव और विश्वविद्यालय की भूमिका को प्रदर्शित किया जाएगा।
Updated on:
29 Jul 2026 08:06 pm
Published on:
29 Jul 2026 08:06 pm
