
दुकान के आगे टिनशेड नीचे बैठकर बस का इंतजार करते यात्री
छत्तरगढ़ कस्बे के सूरतगढ़ रोड स्थित निजी बस स्टैंड पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव से यात्रियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां यात्रियों के लिए न तो बैठने की समुचित व्यवस्था है और न ही शुद्ध पेयजल उपलब्ध है। महिलाओं के लिए सुलभ शौचालय जैसी आवश्यक सुविधा भी नहीं होने से मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। भीषण गर्मी और तेज धूप में लोग बसों का इंतजार करने के लिए कभी पेड़ों की छांव तो कभी रेहड़ी-ठेलों के आसपास खड़े रहने को मजबूर हैं।
रोजाना 40 से 50 बसों का आवागमन
सूरतगढ़-छत्तरगढ़ मार्ग स्थित इस अस्थायी निजी बस स्टैंड से प्रतिदिन 40 से 50 निजी बसों का संचालन होता है। यहां से बीकानेर, सूरतगढ़, बज्जू, लूणकरनसर, सरदारशहर और खाजूवाला सहित विभिन्न स्थानों के लिए बसें उपलब्ध रहती हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, कर्मचारी, किसान, व्यापारी और अन्य यात्री यहां से सफर करते हैं। इसके बावजूद यात्रियों की सुविधा के अनुरूप आधारभूत व्यवस्थाएं विकसित नहीं की गई हैं। यात्रियों का कहना है कि बसों के इंतजार के दौरान बैठने के लिए पर्याप्त बेंच या शेड नहीं होने के कारण लंबे समय तक खड़े रहना पड़ता है। वहीं बसों के अव्यवस्थित तरीके से खड़े होने के कारण दिन में कई बार यातायात बाधित होता है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी रहती है।
शिफ्ट करने की मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि एसडीएम कार्यालय के सामने राजमार्ग पर स्थित रोडवेज बस स्टैंड परिसर का बड़ा हिस्सा वर्षों से खाली है। यदि रोडवेज प्रशासन उस स्थान का एक भाग निजी बसों के ठहराव के लिए उपलब्ध करा दे, तो इससे रोडवेज निगम को अतिरिक्त आय प्राप्त होगी और यात्रियों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था भी व्यवस्थित हो जाएगी।
पहले थी बेहतर व्यवस्था
स्थानीय लोगों के अनुसार पहले निजी बसों का संचालन रंगीला चौराहे से होता था, तब यातायात व्यवस्था अपेक्षाकृत सुचारू रहती थी। वर्तमान में कुछ निजी बस संचालकों की सुविधा और स्थान की कमी के चलते सरकारी अस्पताल के पास भीड़ वाले क्षेत्र में निजी बस स्टैंड संचालित किया जा रहा है।
प्रयास कर रहे हैं
यात्री समस्याओं को देखते हुए स्थायी निजी बस स्टैंड अन्य जगह चिन्हित कर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों व समाजसेवी लोगों साथ में चर्चा कर यात्रियों के लिए सुविधाओं को विस्तार कराया जाएगा।
-पवन कुमार शर्मा, एसडीएम ,छत्तरगढ़
Updated on:
29 Jul 2026 08:16 pm
Published on:
29 Jul 2026 08:16 pm
