
Arjun ram meghwal
बीकानेर . 'भाजपा सरकार के चार साल के कार्यकाल में न केवल देश में भ्रष्टाचार कम हुआ, बल्कि विदेश एवं आर्थिक नीति में हुए बदलाव के चलते पूरे विश्व में भारत की साख बढ़ी है। देश उन्नति के पथ पर अग्रसर हो रहा है।' यह बात शनिवार को केन्द्रीय जल संसाधन, गंगा विकास व संसदीय कार्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता में कही। वे केन्द्र सरकार की चार वर्षीय उपलब्धियों पर बोल रहे थे।
बीकानेर में हुए विकास कार्यों पर उन्होंने कहा कि यहां हवाई सेवा शुरू होना बड़ी उपलब्धि है। अब तक करीब २६ हजार यात्री हवाई सेवा का लाभ उठा चुके हैं। इसी प्रकार पासपोर्ट सेवा की सहज उपलब्धता भी आमजन के लिए फायदेमंद साबित हुई है। उन्होंने कहा कि बीकानेर में सूखा बंदरगाह की स्थापना को लेकर कुछ परेशानियां सामने आ रही हैं, उनका निस्तारण भी जल्द किया जाएगा।
विधायक के पाले में डाला सवाल
एलीवेटेड रोड को लेकर मेघवाल से पूछे गए सवाल को उन्होंने पश्चिम विधायक डॉ. गोपाल जोशी के पाले में डाल दिया। असल में मेघवाल से एलीवेटेड रोड पर असमंजस और विरोध के बारे में पूछा गया तो उन्होंने विधायक डॉ. जोशी को बोलने के लिए इशारा किया, लेकिन जोशी ने प्रेस वार्ता का हवाला देते हुए जवाब टाल गए। इस अवसर पर शहर जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, न्यास अध्यक्ष महावीर रांका, देहात जिलाध्यक्ष सहीराम दुसाद आदि मौजूद थे।
बेंच व नहरी पानी पर भी बोले
मेघवाल से हाईकोर्ट बेंच को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि बीकानेर के हक को मारने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बीकानेर की मांग को जायज ठहराते हुए जल्द ही सकारात्मक प्रयास करने की बात कही। उन्होंने दूषित नहरी पानी पर कहा कि उन्हें इसकी जानकारी मिलते ही पंजाब और राजस्थान के नहर से जुड़े अधिकारियों से बातचीत की थी। जिस फैक्ट्री से केमिकल नहर में पहुंचा था, उस फैक्ट्री को सीज कर दिया गया है। मेघवाल 28 मई को सुबह 11.30 बजे स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विवि के कृषि विज्ञान केन्द्र का दौरा करेंगे।
ये उपलब्धियां गिनाई
मेघवाल ने केन्द्र सरकार की उज्जवला योजना में बीकानेर संसदीय क्षेत्र में ९५१३२ परिवारों के लाभान्वित होने, प्रधानमंत्री आवास योजना में २३४५१ परिवारों को अपनी छत मिलने, ट्रैक के विद्युतीकरण की ५२६ करोड़ रुपए की विस्तृत कार्य योजना तैयार होने, बीकानेर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निर्माण के लिए ३१.४५ करोड़, श्रमिक कल्याण के लिए १०० बेड का इएसआइ अस्पताल स्वीकृत होने, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब छह सौ किलोमीटर लम्बी सड़कों का जाल बिछाने सहित पंडित दीनदयाल योजना, प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना से जुड़ी उपलब्धियोंं को गिनाया।
महिला मोर्चा की बैठक
भाजपा महिला मोर्चा जस्सूसर मंडल की कार्यसमिति की बैठक अंत्योदय नगर में अध्यक्ष मोनिका गहलोत के नेतृत्व में हुई। बैठक में मुख्य वक्ता बीकानेर प्रभारी बबीता शर्मा थी। इस अवसर पर मोर्चा जिलाध्यक्ष मधुरिमा सिंह, जिला महामंत्री सुधा आचार्य, मण्डल अध्यक्ष विजय उपाध्याय आदि ने केन्द्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया।
जोशी ने किया राज्य का प्रतिनिधित्व
भाजपा आइटी विभाग की राष्ट्रीय कार्यशाला शनिवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित हुई। कार्यशाला में राजस्थान का प्रतिनिधित्व आइटी विभाग के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी ने किया। जोशी ने बताया कि कार्यशाला के पहले सत्र को केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल तथा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेन्द्र यादव ने संबोधित किया।
दूसरे सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने मार्गदर्शन किया। तीसरे सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आइटी विभाग संयोजकों से मुलाकात की। उन्होंने निष्ठा के साथ पार्टी को मजबूत करने में जुटने का आह्वान किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चार वर्षों की उपलब्धियों को आइटी के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाएं। जोशी ने आइटी विभाग के कार्यो की जानकारी दी।
Published on:
27 May 2018 12:20 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
