
कलक्टर ने एसडीएम को दी नसीहत, ग्रामीणों से सही व्यवहार करें
लूणकरनसर. बीकानेर के नए जिला कलक्टर कुमारपाल गौतम ने मंगलवार को सहजरासर पंचायत मुख्यालय पर रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की जन सुनवाई करते हुए लूणकरनसर उपखण्ड अधिकारी कैलाशचन्द्र मीणा को ग्रामीणों से सही तरीके से व्यवहार करने की नसीहत दे डाली। हुआ यूं की सहजरासर के घनश्याम दास अपना नाम बीपीएल सूची में जुड़वाने के लिए उपखण्ड अधिकारी मीणा को प्रार्थना पत्र दिया। लेकिन उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में एसडीएम मीणा ने प्र्रार्थना पत्र को सर्वे प्रपत्र नहीं होने का हवाला देकर कागज फेंक दिए। यह मामला मंगलवार की जन सुनवाई में आने पर जिला कलक्टर गौतम ने कहा कि आप एसडीएम हो, प्रार्थी के बजाय आपको सर्वे प्रपत्र मंगवाने में आसानी होगी। आपको मौके पर पंचायत समिति से रिपोर्ट लेकर समस्या का निपटारा करना चाहिए। इसके अलावा कलक्टर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को भी ग्रामीणों से सही व्यवहार रखने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर गौतम ने जन सुनवाई में लूणकरनसर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. शशि वर्मा द्वारा अतिक्रमण की समस्या उठाते हुए बताया कि विद्यार्थियों के आवागमन का रास्ता अवरूद्ध है तथा हादसे की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा शाला के पास धूम्रपान व नशे की वस्तुएं बिकने से विद्यार्थियों को गलत प्रवृति पड़ रही है। जिला कलक्टर ने उपखण्ड अधिकारी मीणा को त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्थाई रूप से किए गए अतिक्रमण हो हटाने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्रामीणों द्वारा गांव में बीसी की सही सेवा नहीं मिलने की समस्या बताई। कलक्टर ने बैंक अधिकारी को पूर्व में जारी बीसी को ब्लैकलिस्ट करवाकर नए बीसी की सेवाएं चालू करवाने के निर्देश दिए। प्रधान गोविन्दराम गोदारा ने कलक्टर को अवगत करवाया कि तहसील क्षेत्र के ६१६ लोगों की सामाजिक सुरक्षा योजना की पेंशन राजस्व तहसीलदार स्तर पर सत्यापन के अभाव में अटकी पड़ी है। इसको लेकर कलक्टर ने तीन दिन में सभी पेंशन का सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। इसके अलावा गत वर्ष के फसल खराबा में करीब एक हजार किसानों को मुुआवजा राशि नहीं मिली है। इसको भी शीघ्र दिलवाने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से पेंशन, आवास योजना, पानी, बिजली, शिक्षा समेत विभिन्न समस्याओं की सुनवाई करते हुए विभागीय अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इससे पहले जिला कलक्टर ने सहजरासर में बीपीएल परिवारों के घरों में जाकर आवास योजना का जायजा लिया। उप स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण में भी व्यवस्थाएं सुचारू पाई गई। रात्रि चौपाल में कृषि विभाग के सहायक निदेशक डॉ. उदयभान, छतरगढ़ तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार जाखड़, विकास अधिकारी सुनील कुमार छाबड़ा, सहजरासर सरपंच नत्थीराम सींवर, नाथवाणा सरपंच सुरेश गोदारा, विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता एनके माथुर, सहायक अभियंता भूपसिंह, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रेवन्तराम पडि़हार, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता बसंत आचार्य, पीएचईडी अधिशासी अभियंता श्याम माथुर समेत विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
जिला कलक्टर गौतम ने सहजरासर के सीनियर विद्यालय में रमसा के तहत निर्माणाधीन भवन को निरीक्षण किया। मौके पर जिला कलक्टर को निर्माण सामग्री व ईंटें घटिया दिखाई दी। कलक्टर ने दो ईंटें फोड़कर देखने पर अमानक स्तर की पाई गई। मौके पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पांच ईंटें व निर्माण में उपयोग ली गई सामग्री को सैम्पल लेकर जांच करवाने व गुणवता की पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्राम पंचायतों में भी निर्माण कार्यों में सामग्री की गुणवता का विशेष ध्यान रखने की हिदायत अधिकारियों को दी।
Published on:
23 Jan 2019 11:59 am
