
आर्ट से बताई टूटे फुटपाथ व डिवाइडर की परेशानी
बीकानेर. लोकनायक शहीद भगत सिंह संस्थान के तत्वावधान में सोमवार को सुबह ११.३० बजे केईएम रोड स्थित डिवाइडर पर युवा चित्रकारों ने रंगों से ३-डी पेंटिंग्स बनाई। फुटपाथ डिवाईडर पब्लिक आर्ट-शो-२०१९ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में युवा चित्रकारों ने आर्ट इंस्टालेशन के माध्यम से प्रशासन को टूटे हुए डिवाइडर से आमजन को हो रही परेशानी से अवगत करवाया। संस्थान के राजकुमार पुरोहित ने बताया कि चित्रकार डॉ. मोना सरदार डूडी, मुकेश जोशी सांचिहार ने डिवाइडर की मरम्मत करवाने के लिए रंगों से डिवाईडर व चित्र बनाए। करीब तीन घंटे के इस कार्यक्रम में युवा चित्रकारों ने स्लोगन और व्यंग्य चित्रों सहित थर्माकोल पर बने बुजुर्ग राहगीरों के कटआउट्स के माध्यम से बुजुर्गों की समस्याओं की ओर ध्यानाकार्षण किया। पेंटिंग्स में चित्रकारों ने प्राकृतिक रंग काजलिया, रामरस, हिरमिच आदि का प्रयोग किया गया।
नाल में ओवरब्रिज को अस्थायी रूप से खोला
नाल. लंबे इंतजार के बाद सोमवार से नाल रेलवे फाटक पर बने नए ओवरब्रिज को आम लोगों के लिए एकबारगी अस्थायी रूप से खोल दिया गया है। इससे रेलवे फाटक के बंद होने से लगने वाले जाम से निजात मिल सकेगी। जैसलमेर की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबे समय से निर्माण कार्य चल रहा था। ब्रिज के साथ ही सर्विस रोड का काम भी चल रहा है। इरकॉन इंटरनेशन कम्पनी के मुख्य महाप्रबंधक एमके शर्मा ने बताया कि अगले सप्ताह इस ब्रिज को स्थायी रूप से सुचारु कर दिया जाएगा। ब्रिज के ऊपर रोड लाइटें लगाने का काम चल रहा है। ग्राम विकास अधिकारी ओमराम नाई, सरपंच सुनीता सुराणा, दिलीप सिंह ने कहा है कि यातायात शुरू होने से वाहन चालकों को राहत मिलेगी।अब बीकानेर की तरफ आने वाले और नाल की तरफ जाने वाले लोगों को सहुलियत रहेगी।
Published on:
12 Mar 2019 10:18 am
