
रबी फसलों की कटाई में जुटे किसान
लूणकरनसर. तहसील क्षेत्र में इन दिनों काश्तकार रबी फसलों की कटाई के काम में युद्ध स्तर पर जुटे हैं। फसलों की कटाई के दौरान मौसम के बदलाव को लेकर काश्तकार चिंतित है तथा पैदावार को खलिहान में समेटने को उतावले है।
गौरतलब है कि तहसील क्षेत्र में कंवरसेन लिफ्ट नहर समेत इलाके समेत कृषि नलकूप क्षेत्र के ग्राम शेखसर, अमरपुरा, ढाणी पाण्डूसर, करणीसर, खोडाला, सुंई, मनाफरसर, राजपुराहुडान समेत दर्जनों गांवों में सरसों, गेहूं, जौ, चने आदि फसलों का काफी मात्रा में बिजान किया है तथा इन दिनों फसलों की स्थिति पकाव पर है।
आए दिन मौसम में बदलाव को देखते हुए किसान पैदावार को समेटने में जुटे है तथा आस-पास के बारानी गांवों से मजदूरों को लाकर कटाई करवा रहे है। शेखसर के काश्तकार रूपाराम गोदारा ने बताया कि बदले मौसम में प्रदेश में कहीं छुटपुट ओलावृष्टि हुई है तथा ओलावृष्टि से संभावित नुकसान से बचने के लिए सरसों की कटाई मजदूर लगाकर जल्दी करवाने का प्रयास कर रहे हैं। सरसों के अलावा जौ व चने की कटाई होली पर्व के बाद शुरू होने की संभावना है।
Published on:
21 Mar 2019 08:32 am
