1 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बीकानेर रेंज में बॉर्डर पर अवैध हथियारों की तस्करी का नेटवर्क सक्रिय, 4 महीने में 206 हथियार बरामद

Bikaner Range Arms Smuggling: राजस्थान में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर जिले में विदेशी हथियारों का जाल फैल गया है। कमजोर सुरक्षा तंत्र के चलते बॉर्डर पार से तस्कर अनाड़ी हाथों में विदेशी हथियार थमा रहे हैं। देशी हथियारों की खेप भी यहां कम नहीं है।

2 min read
Google source verification
Rajasthan Border Weapon Smuggling

बीकानेर रेंज में बॉर्डर पर हथियार तस्करी, फोटो एआइ

Bikaner Range Arms Smuggling: राजस्थान में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर जिले में विदेशी हथियारों का जाल फैल गया है। कमजोर सुरक्षा तंत्र के चलते बॉर्डर पार से तस्कर अनाड़ी हाथों में विदेशी हथियार थमा रहे हैं। देशी हथियारों की खेप भी यहां कम नहीं है। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि पिछले 4 माह में बीकानेर रेंज में पुलिस ने 137 तस्करों को गिरफ्तार कर 147 देशी और 59 विदेशी हथियार बरामद किए हैं।
इससे जाहिर है कि हर दिन एक तस्कर और हथियार पुलिस के हाथ लग रहा है। अब तक की पुलिस कार्रवाई पर नजर डालें तो हर मामले में पुलिस के हत्थे तस्करी से जुड़े स्थानीय लोग ही लगे हैं। सरगना तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंचे हैं।

सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय है ‘सप्लाई चेन’

हथियारों की तस्करी की स्थिति देखें तो राजस्थान में सीमावर्ती क्षेत्र में विदेशी हथियारों की सप्लाई की पूरी चेन सक्रिय है। यह चेन सीमापार से संचालित संगठित नेटवर्क का हिस्सा है। सुरक्षा एजेंसियों की जांचों में पाकिस्तान-समर्थित ड्रोन ड्रॉपिंग, पंजाब-आधारित सरगना और विदेशी फंडिंग का जाल उजागर हो चुका है। अब हथियार और नशे की तस्करी सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चुनौती बन गई है।

127 प्रकरण दर्ज, 137 हथियार तस्कर गिरफ्तार

बीकानेर रेंज में पिछले चार माह में हुई कार्रवाई पर नजर डालें तो सामने आता है कि 127 मामले दर्ज कर 137 हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में पुलिस ने 147 फायर आर्म्स, 615 कारतूस, 43 मैग्जीन, एक ड्रोन और एक हॉल्स्टर जब्त किया। बरामद हथियारों में 59 विदेश निर्मित हथियार शामिल हैं, जो सीमापार तस्करी और संगठित अपराध के नेटवर्क की ओर स्पष्ट संकेत देते हैं।

आस्ट्रेलिया, पाक और चीन निर्मित हथियार

बॉर्डर पार से आए हथियारों में आस्ट्रेलिया, पाक और चीन में बने हथियार शामिल हैं। रेंज क्षेत्र में सर्वाधिक मामले श्रीगंगानगर में सामने आए हैं। चार माह में यहां 62 प्रकरण दर्ज कर 64 तस्करों को गिरफ्तार किया गया तथा 64 हथियार बरामद किए गए। जब्त हथियारों में एक आस्ट्रेलिया की ग्लॉक पिस्टल, एक पाकिस्तान निर्मित हथियार और दो मैग्जीन भी शामिल हैं।

हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने 28 मामलों में 28 तस्करों को गिरफ्तार कर 24 हथियार जब्त किए, जिनमें 11 यूएसए निर्मित फायर आर्म्स, एक अन्य विदेशी हथियार और 22 मैग्जीन शामिल हैं।

बीकानेर जिले में 18 प्रकरणों में 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर 19 हथियार बरामद किए गए, जिनमें पांच चीन निर्मित हथियार शामिल हैं। वहीं चूरू जिले में 19 प्रकरण दर्ज कर 28 तस्करों को गिरफ्तार किया गया और 21 हथियार जब्त किए गए।

छोटे तस्कर पकड़ में, सरगना अब भी फरार

पुलिस कार्रवाई में लगातार तस्करों और सप्लायरों की गिरफ्तारी हो रही है, लेकिन हथियारों के इस पूरे खेल के मास्टरमाइंड अब भी कानून की पहुंच से बाहर हैं। जांच एजेंसियां अब तक नेटवर्क की निचली कड़ियों तक ही पहुंच पाई हैं। ऐसे में सवाल यह है कि विदेशी हथियारों की खेप सीमावर्ती जिलों तक पहुंचाने वाले असली सरगना कौन हैं और वे अब तक गिरफ्तारी से कैसे बच रहे हैं।

इनका कहना है…

अवैध हथियार तस्करी रोकना चुनौतीपूर्ण है। पुलिस इस चुनौती से निबटने के लिए पूरी तरह तैयार है। चार माह में 137 तस्करों को गिरफ्तार कर 147 देशी और 59 विदेशी हथियार बरामद किए गए हैं। मुख्य सरगना तक पहुंचने के लिए पुलिस नेटवर्क की प्रत्येक कड़ी पर कार्रवाई कर रही है।

  • ओमप्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज