7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दो खेमों में बंटा दिखा बीकानेर-दिल्ली हवाई सेवा का उद्घाटन

विरोधी खेमे के लोगों ने केन्द्रीय मंत्री के खिलाफ लगाए नारे, कहा- श्रेय लेने की होड़ में वरिष्ठ पदाधिकारियों को किया अनदेखा|

3 min read
Google source verification
bikaner to delhi flight

बीकानेर से दिल्ली के लिए मंगलवार को शुरू हुई सीधी हवाई सेवा राजनीति का शिकार हो गई। इसका उद्घाटन करने के लिए पहुंचे केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री अशोक गजपति राजू और केन्द्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल को अपनी ही पार्टी की गुटबाजी का सामना करना पड़ा। एेसे में दोनों मंत्रियों के लिए टर्मिनल परिसर में की गई तैयारियां धरी रह गई।

सिविल टर्मिनल के बाहर एक गुट केन्द्रीय मंत्री मेघवाल के समर्थन में नारे लगा रहा था, वहीं दूसरा गुट उनके विरोध में नारेबाजी करता रहा। एेसे में दोनों मंत्रियों ने विरोधी गुट से दूरी बना ली। वे टर्मिनल के बाहर बनाए गए स्वागत पंडाल में भी नहीं गए। विरोधी गुट का तर्क था कि मेघवाल ने विमान सेवा का श्रेय लेने की होड़ में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को अनदेखा किया, जबकि दूसरे गुट के लोगों ने कहा कि मेघवाल के प्रयासों से ही विमान सेवा शुरू हुई है।

कांग्रेस बोली- जगजाहिर हुई फूट
सिविल एयरपोर्ट पर उद्घाटन अवसर पर भाजपा की गुटबाजी के बाद हुए घटनाक्रम को कांग्रेस ने भी भुनाना शुरू कर दिया है। कांगे्रस के शहर जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत ने कहा कि भाजपा की आपसी गुटबाजी मंगलवार को जगजाहिर हो गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में हुए कार्यों को अब भाजपा अपने कार्यकाल में भुना रही है। बिना काम किए श्रेय लेने वाले कार्यों में अब एेसा ही देखने को मिलेगा।

दीप जलाकर किया शुभारम्भ
नारेबाजी और आपसी खींचतान के बीच टर्मिनल परिसर में ही केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री राजू और केन्द्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री मेघवाल ने दीप जलाकर विमान सेवा का शुभारम्भ किया। दोनों मंत्रियों ने पहले दिन सफर करने वाले यात्रियों को अपने हाथों से टिकट भी दिए। इस अवसर पर संसदीय सचिव डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, देहात जिलाध्यक्ष सहीराम दुसात,

महापौर नारायण चौपड़ा, नगर विकास न्यास अध्यक्ष महावीर रांका, जिला महामंत्री मोहन सुराणा, उप महापौर अशोक आचार्य, आईजी विपिन पाण्डे, पुलिस अधीक्षक सवाई सिंह गोदारा, कलक्टर अनिल गुप्ता, न्यास सचिव आरके जायवाल, एयरपोर्ट निदेशक राधेश्याम मीणा, चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर पंकज सोनी, टर्मिनल मैनेजर संजय वर्मा सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

यात्री सुरक्षा की अनदेखी
विमान सेवा शुरू करवाने का श्रेय लेने की होड़ और दो खेमों की खींचतान के चलते मंगलवार को विमान से पहुंचे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था रामभरोसे रही। पहले दिन सेवा के शुभारम्भ को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह था। ७२ सीटों का विमान यात्रियों और जनप्रतिनिधियों से भरा था। एयर टर्मिनल अधिकारियों का विमान से आने वाले यात्रियों को गिफ्ट पैकेट देने और माला पहनाकर स्वागत करने का कार्यक्रम था,

लेकिन विरोधी गुट की नारेबाजी के चलते व्यवस्था बिगड़ गई। एेसे में दोनों मंत्रियों ने टर्मिनल परिसर में बने एक कमरे में केवल मीडिया से रूबरू होने का फैसला लिया। वहीं विमान से आए यात्रियों को दोनों गुटों की नारेबाजी के बीच हुई अव्यवस्था के कारण टर्मिनल परिसर से बाहर निकलने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।

एक गुट ने दिया धरना
माहौल को बिगड़ता देख पुलिस प्रशासन और हवाई सेवा से जुड़े सुरक्षा अधिकारियों के हाथ-पैर फूल गए। वे दोनों मंत्रियों को सुरक्षा घेरे में लेते हुए सुरक्षित स्थान पर ले गए। इसके बाद सुरक्षा अधिकारियों ने विरोधी और समर्थक गुट के लोगों को टर्मिनल परिसर के बाहर करना शुरू कर दिया। इससे विरोधी गुट के लोग और आक्रोशित हो गए। उन्होंने टर्मिनल के बाहर धरना देकर केन्द्रीय मंत्री मेघवाल के खिलाफ नारेबाजी और मुख्यमंत्री के समर्थन में नारे लगाने शुरू कर दिए।

भाजपा विधायक नदारद
हवाई सेवा के उद्घाटन अवसर पर डॉ. विश्वनाथ मेघवाल को छोड़कर भाजपा का कोई विधायक नजर नहीं आया। करीब चार बजे विमान पुन: दिल्ली के लिए रवाना हो गया, जिसमें दोनों केन्द्रीय मंत्रियों के साथ बीकाजी गु्रप के प्रबंध निदेशक शिव रतन अग्रवाल, बीकानेर व्यापार उद्योग मण्डल के कोषाध्यक्ष घनश्याम लखाणी, मक्खन अग्रवाल, घेवर चंद मुसरफ सहित अन्य यात्री थे।

कनेक्टिविटी बढ़ेगी
हवाई सेवा उद्घाटन से पूर्व केन्द्रीय मंत्री अशोक गजपति और मेघवाल ने मीडिया से कहा कि बीकानेर में दिल्ली के लिए हवाई सुविधा की शुरुआत के साथ ही यह शहर देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया से जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार रीजनल कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस कार्य में केन्द्र और राज्य सरकार ने एकजुटता से कार्य करते हुए बीकानेर में आम लोगों को यह सुविधा उपलब्ध करवाई है।

यह बीकानेर की पुरानी मांग थी, जिसे आज मूर्त रूप दिया गया है। इससे बीकानेर में पर्यटन, उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास के नए अवसर पैदा होंगे। पहली बार बीकानेर से दिल्ली रवाना हुए विमान को यात्रियों ने जयकारों से गुंजायमान कर दिया।

उड़ान का समय
रीजनल एयर कनेक्टिविटी के तहत बीकानेर से यह विमान रोजाना दोपहर सवा तीन बजे रवाना होगा, जो दिल्ली साढ़े चार बजे पहुंच जाएगा। इसी प्रकार दिल्ली से रोजाना दोपहर डेढ़ बजे रवाना होगा, जो बीकानेर दोपहर पौने तीन बजे पहुंचेगा।