
निखिल स्वामी/बीकानेर. बीकानेरी व्यंजनों के स्वाद के दीवाने सिर्फ आम आदमी ही नहीं है, बल्कि फिल्मी सितारें भी हैं। फिल्म की शूटिंग के लिए बीकानेर आने वाले फिल्मी सितारे भुजिया-पापड़, रसगुल्लों के अलावा कई व्यंजनों का स्वाद चखते हैं। मुंबई लौटने के बाद भी रिश्तेदार, व्यापारियों से यहां की चीजें मंगवाते रहते है। यही कारण है कि बीकानेर में बनी कई खाने की चीजें यहां के लोगों व व्यापारियों की ओर से फिल्मी सितारों के लिए विशेष रूप से तैयार करके भेजी जाती है।
बीकानेर में भुजिया-पापड़ व रसगुल्लों के साथ-साथ यहां के मिर्च-मसाले, खाटा-चूरी, तरह-तरह के अचार, मिठाइयों के बड़ी संख्या में लोग शौकीन है, जो रिश्तेदारों व व्यापारियों के माध्यम से देश-विदेश में भी सप्ताह, महीनेभर में मंगवाते रहते हैं। बीकानेर में कई हरी सब्जी व मिठाई विक्रेता थोडे-थोड़े दिनों के अंतराल के बाद देश के कई हिस्सों में रेल-बस आदि के माध्यम से सामान भेजते हैं।
कंगना रनौत को भेजते हैं हल्दी का अचार
ख्यातनाम फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत इसी साल फरवरी में फिल्म 'मणिकर्णिकाÓ की शूटिंग के लिए बीकानेर आई थी। उन्होंने यहां हरी मिर्च-हल्दी का अचार चखा तो दीवानी हो गई। पर्यटन व्यवसायी विनोद भोजक ने बताया कि कंगना रनौत शूटिंग पूरी करने के बाद बीकानेर से अचार खरीद कर ले गई। इसके बाद से तो रनौत की जुबां पर हल्दी हरीमिर्च के अचार का एेसा स्वाद चढ़ा की, वह यहां के दुकानदारों से हरीमिर्च-हल्दी का अचार मंगवा रही है।
संजू को पसंद देशी घी का स्वाद
अभिनेता संजयदत्त (संजू बाबा) फिल्म 'साहेब बीवी और गैंगस्टर पार्ट तीनÓ की शूटिंग के लिए गत वर्ष बीकानेर आए थे। दत्त ने यहां देशी घी का स्वाद चखा। इसके बाद से अपने परिचितों के माध्यम से तीन-चार माह में देशी घी मंगवाते रहते हैं।
भुजिया-पापड़ से लगाव
बीकानेर के सांसद रह चुके अभिनेता धर्मेन्द्र (वीरू) डेढ़ दशक बाद भी यहां के चटपटे नमकीन, भुजिया-पापड़ का जायका नहीं भूले हैं। उन्हें बीकानेरी लोगों के साथ यहां के व्यंजनों से भी खास लगाव हो गया है। धर्मेन्द्र के पहचान के लोग हर दो-तीन माह में कोरियर के माध्यम से भुजिया-पापड़ मुम्बई भेजते रहते हैं। फिल्म 'चाइना गेटÓ, 'घातकÓ व 'अंदाज अपना-अपनाÓ के डायरेक्टर राजकुमार संतोषी भी बीकानेरी भुजिया-पापड़ के दीवाने है। यहां के लोगों व व्यवसायियों से भुजिया-पापड़ और बड़ी मंगवाते रहते हैं।
मंगवाते रहते हैं
बीकानेरी भुजिया-पापड़ तो वैसे ही देश-विदेश में प्रसिद्ध है। कई फिल्म सितारे यहां शूटिंग के लिए आते हैं तो बीकानेरी व्यंजन, मिठाइयों का स्वाद चखते हैं तो दीवाने हो जाते हैं जो बाद में भी यहां से खाने की वस्तुएं मंगवाते रहते हैं।
विनोद भोजक, पर्यटन व्यवसायी, बीकानेर
Updated on:
27 Sept 2018 07:56 am
Published on:
27 Sept 2018 07:56 am
