
Celebration of happiness
बीकानेर. राजस्थान पत्रिका बीकानेर संस्करण के 32वें स्थापना दिवस समारोह को यादगार बनाने के लिए आयोजित 'उत्सव खुशियों का' के तहत 15 सितम्बर को राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय कवि सम्मेलनों में अपनी कविताओं से हास्य-व्यंग्य की सरिता बहाने वाले जाने-माने कवि अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे।
स्थानीय रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित होटल पाणिग्रहण में शनिवार रात 7:45 बजे से ख्यात कवि अपनी समसामयिक कविताओं के साथ हास्य-व्यंग्य की सतरंगी आभा बिखेरेंगे। कवि सम्मेलन में जयपुर के सम्पत सरल, दिल्ली के महेन्द्र अजनबी, ग्वालियर के तेजनारायण बेचैन, दिल्ली की मुमताज नसीम और आगरा के रमेश मुस्कान जैसे लोकप्रिय कवि अपनी प्रस्तुतियों से शहरवासियों को गुदगुदाएंगे। प्रवेश कार्ड धारकों को दिया जाएगा।
आयोजन के सहयोगी
आरएसवी गु्रप मुख्य सहयोगी और एसबीआइ, बीकाजी ग्रुप, सीइएससी- बीकानेर इलेक्ट्रिक सप्लाई लिमिटेड, राजाराम धारणिया ऑटोमोबाइल्स, बंसल क्लासेज, सिंथेसिस इंस्टीट्यूट, कम्प्यूटर एजूकेशन डॉट कॉम, ज्ञान विधि पीजी कॉलेज, लॉयनेस क्लब, पवन डिस्ट्रीब्यूटर, भीखाराम चांदमल सहयोगी हैं। वेन्यू सहयोगी द पार्क पैराडाइज, होटल पाणिग्रहण और होटल वृंदावन रिजेन्सी है। अधिक जानकारी के लिए 9351205523 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
मधुमिता रे का शास्त्रीय गायन आज
बीकानेर. स्पिक मैके बीकानेर अध्याय की ओर से विरासत शृंखला की दूसरी कड़ी में शनिवार को शाम साढ़े पांच बजे सादुलगंज स्थित ऐल्केमी इंस्टीट्यूट में प्रसिद्ध गायिका मधुमिता रे का शास्त्रीय गायन होगा। स्पिक मैके के राज्य सचिव दामोदर तंवर ने बताया कि इनके साथ सारंगी पर भारतभूषण गोस्वामी एवं तबले पर उत्पल घोष संगत करेंगे।
दिव्यांगजन मतदाता जागरूकता शिविर आज
बीकानेर. मतदाता जागरूकता अभियान के अन्तर्गत स्वीप की गतिविधियों के तहत 'दिव्यांगजन मतदाता जागरूकता शिविर' शनिवार प्रात: 10:30 बजे दीनदयाल सर्किल स्थित अम्बेडकर भवन में किया जाएगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एल डी पंवार ने बताया कि शिविर में जिला मुख्यालय पर दिव्यांगजन को मतदान की प्रक्रिया की जानकारी दी जायेगी।
आशा को मिलेगा बाल साहित्य पुरस्कार
बीकानेर. राजस्थान साहित्य अकादमी उदयपुर ने वर्ष 2018-19 के वार्षिक पुरस्कारों की घोषणा की है। अकादमी अध्यक्ष इंदुशेखर तत्पुरुष ने बताया कि बाल साहित्य का शम्भूदयाल सक्सेना पुरस्कार बीकानेर की लेखिका इंजी. आशा शर्मा को उनकी कृति अंकल प्याज के लिए दिया जाएगा। आशा चार वर्षोंं से साहित्य की विभिन्न विधाओं में सक्रिय लेखन कर रही हैं। राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से पहचान बना रही आशा की अब तक पांच पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।
Published on:
15 Sept 2018 03:40 pm
