
Cleaning staff recruitment
बीकानेर. नगर निगम में सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए निकाली गई लॉटरी में पुरुषों से अधिक महिला आवेदकों का चयन हुआ है। निगम में स्वीकृत ३९५ पदों के लिए लॉटरी निकाली गई थी। इसमें सभी वर्गों में २०३ महिला और १९२ पुरुष आवेदकों का चयन सफाई कर्मचारी पद के लिए हुआ है। ३९५ चयनित आवेदकों को रविवार को एक समारोह में नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
साथ ही नवनियुक्त कार्मिकों को मुख्यमंत्री का बधाई संदेश भी दिया जाएगा। भर्ती के लिए निगम को १० हजार २५५ आवेदन मिले थे। पात्र आवेदनों की २७ मई को लॉटरी निकाली गई थी। चयनित आवेदकों की सूची शुक्रवार को जारी की गई।
समारोह रवीन्द्र सभागार में
चयनित आवेदकों को नियुक्ति पत्र देने के लिए समारोह रवीन्द्र सभागार में दोपहर २:३० बजे होगा। समारोह में जनप्रतिनिधियों सहित चयनित आवेदक और उनके परिवारजन शामिल होंगे। शनिवार को महापौर नारायण चौपड़ा और आयुक्त प्रदीपके गवांडेे रवीन्द्र सभागार पहुंचे तथा समारोह के आयोजन व व्यवस्था पर चर्चा की।
चयनित को रसीद से प्रवेश
समारोह में चयनित आवेदक काउन्टर रसीद के माध्यम से ही प्रवेश कर पाएंगे। चयनित आवेदकों के परिवारजन और अन्य दर्शक दीर्घा में बैठ सकेंगे। जिन चयनित आवेदकों के पास काउन्टर रसीद नहीं होगी, उन्हें सोमवार को निगम कार्यालय में नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
आवेदकों की रही भीड़
चयनित आवेदकों की सूची में नाम देखने के लिए शनिवार को नगरनिगम में दिनभर भीड़ रही। इनमें बड़ी संख्या में महिला आवेदक भी थी। निगम परिसर के बाहर तक आवेदकों की भीड़ लगी रही।
स्वाइन फ्लू व स्क्रब टायफस के लिए किया सतर्क
बीकानेर. स्वाइन फ्लू रोग की आशंका और पिछले साल जुलाई में सामने आए रोगियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सचेत हो गया है। विभाग ने आमजन को जागरूक करने के साथ चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक तैयारियां रखने को कहा है। सरकारी व निजी चिकित्सालयों को भी स्वाइन फ्लू और स्क्रब टायफस रोग की रोकथाम व उपचार के निर्देश दिए हैं।
डिप्टी सीएमएचओ (स्वास्थ्य) डॉ. इन्दिरा प्रभाकर ने बताया कि १६ से २२ जुलाई तक अधिकारी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण करेंगे। मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू की रोकथाम और उपचार के लिए वेन्टिलेटर, आइसोलेशन वार्ड, आइसीयू वार्ड, वैक्सीनेशन, सैम्पल कलेक्शन की सुविधा, एन-९५ मास्क, ट्रिपल लेयर मास्क, पीपीई एवं वीटीएम, टेमीफ्लू आदि की व्यवस्था करने को कहा गया है। कॉलेज प्राचार्य, संयुक्त निदेशक, सीएमएचओ और डिप्टी सीएमएचओ नजर रखेंगे।
Published on:
15 Jul 2018 08:53 am
