6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सफाई कर्मचारी भर्ती को लेकर आज निकलेगी लॉटरी पर नहीं होगा परिणाम जारी

लॉटरी निकाली जाएगी, लेकिन लॉटरी के परिणाम जारी नहीं किए जाएंगे।
2 min read
Google source verification

बीकानेर. स्थानीय निकायों में सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए बुधवार को पॉलीटेक्निक कॉलेज मैदान में सुबह ११ बजे से लॉटरी निकाली जाएगी, लेकिन लॉटरी के परिणाम जारी नहीं किए जाएंगे। यहां नगर निगम बीकानेर, नगर पालिका देशनोक और श्रीडूंगरगढ़ में मिले आवेदनों की स्वीकृत पदों के अनुसार कम्प्यूटर से लॉटरी निकलेगी।

लॉटरी के लिए पॉलीटेक्निक कॉलेज मैदान में मंगलवार को तैयारियां चलती रही, लेकिन तेज हवा ने व्यवस्था को डगमगा दिया। हवा से वहां लगाए गए टेंट और पोल उखड़ गए। स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक पवन अरोडा ने मंगलवार को आदेश जारी किए हैं कि स्थानीय निकायों में बुधवार को लॉटरी निकाली जाए, लेकिन परिणाम जारी नहीं किए जाएं। लॉटरी समिति सदस्यों के हस्ताक्षर के बाद परिणाम सील बंद कर आगामी आदेशों तक सुरक्षित रखे जाएंगे।

निगम की लॉटरी पहले
भर्ती को लेकर पहले निगम में प्राप्त आवेदनों की लॉटरी निकलेगी। इसके बाद देशनोक और श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिकाओं में प्राप्त आवेदनों की लॉटरी निकलेगी। भर्ती के लिए नगर निगम व दोनों नगर पालिकाओं में स्वीकृत ४३५ पदों के लिए १०,९६१ आवेदन मिले हैं।

सूची जारी नहीं
सफाई कर्मचारी भर्ती को लेकर नगर निगम ने पात्र और अपात्र आवेदकों की सूची जारी नहीं की। निगम में दिन भर अभ्यर्थी अपने आवेदनों की स्थिति को जानने के लिए पहुंचते रहे, लेकिन सूची जारी नहीं होने पर उन्हें निराश लौटना पड़ा।

रसीद से प्रवेश
लॉटरी के दौरान बुधवार को पॉलीटेक्निक कॉलेज मैदान में आमजन का प्रवेश निषेध रहेगा। अभ्यर्थी भी आवेदन जमा करवाने के दौरान मिली रसीद को दिखाकर प्रवेश कर सकेंगे। मुख्य द्वार से अभ्यर्थियों के प्रवेश की व्यवस्था रहेगी।


अधिकारियों ने लिया जायजा

बड़ी संख्या मेंअभ्यर्थियों के आने की संभावनाको देखते हुए लॉटरी स्थल पर टेन्ट, शीतल जल, चल शौचालय आदि की व्यवस्था की गई है। लॉटरी प्रक्रिया को देखने के लिए चार एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। अतिरिक्त जिला कलक्टर(शहर) शैलेन्द्र देवड़ा, निगम आयुक्त प्रदीप के गावंडे, स्थानीय निकाय उपनिदेशक ताज मोहम्मद राठौड़ सहित पुलिस प्रशासन और निगम अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। उसी समय टेन्ट के कपड़े जगह-जगह से खुल गए और टेन्ट गिरने की स्थिति में पहुंच गया।

सीलबंद रहेगा परिणाम
सफाई कर्मचारी भर्ती को लेकर लॉटरी निकालने की तैयारियां हो गई है। बुधवार को लॉटरी निकाली जाएगी। परिणाम सीलबंद और आगामी आदेशों तक सुरक्षित रहेगा।
ताज मोहम्मद राठौड़, उप निदेशक क्षेत्रीय स्थानीय निकाय विभाग, बीकानेर।


सफाईकर्मियों की नियुक्ति पर रोक
जयपुर. हाईकोर्ट ने सफाईकर्मियों की भर्ती को लेकर प्रदेशभर में जारी लॉटरी का परिणाम जारी करने व नियुक्ति पर रोक लगा दी है। साथ ही, राज्य सरकार व स्थानीय निकाय निदेशालय से एक सप्ताह में जवाब मांगा गया है।न्यायाधीश बनवारी लाल शर्मा व न्यायाधीश दिनेश चन्द सोमानी की खण्डपीठ ने अखिल भारतीय वाल्मीकि समाज आरक्षण सामाजिक शोध एवं विकास समिति की याचिका पर यह अंतरिम आदेश दिया।

कोर्ट ने जवाब के लिए याचिका की कॉपी अतिरिक्त महाधिवक्ता राजेन्द्र प्रसाद को भी दिलाई गई है। अधिवक्ता ममता व आशीष जोशी ने कोर्ट को बताया कि जनवरी 2014 में सफाईकर्मियों की लॉटरी से भर्ती के लिए नियमों में संशोधन किया गया। इसके कारण योग्यता व अनुभव का आंकलन नहीं हो रहा है, जिससे योग्य अभ्यर्थियों का चयन नहीं हो पा रहा है। लॉटरी के जरिए चयन पर रोक लगाई जाए।

बड़ी खबरें

View All

बीकानेर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग