6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अस्पताल में हंगामे का वीडियो वायरल

गर्भवती महिला के परिजनों व अस्पताल स्टाफ में तकरार, लगाए आरोप-प्रत्यारोप

2 min read
Google source verification
अस्पताल में हंगामे का वीडियो वायरल

अस्पताल में हंगामे का वीडियो वायरल

श्रीडूंगरगढ़. कस्बे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार रात्रि को हंगामा हो गया। एक गर्भवती महिला के प्रसव को लेकर अस्पताल स्टाफ और महिला के परिजनों के बीच तकरार हो गई। साथ ही 108 एम्बुलेंस स्टाफ पर महिला के परिजनों ने थप्पड़ मारने व मोबाइल तोडऩे का आरोप लगाया। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार गर्भवती महिला जन्नत बानो को उसके परिजन मंगलवार सुबह प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर आए। सीएचसी स्टाफ ने महिला को भर्ती कर प्रसव के लिए प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया गया। रात करीब 11.45 बजे अस्पताल स्टाफ ने गर्भवती महिला का रेफर कार्ड बनाकर उसके परिजनों से बीकानेर पीबीएम अस्पताल ले जाने की बात कही। फोन करने पर 108 एम्बुलेंस भी आ गई। इसी दौरान महिला के परिजनों ने अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मौके पर मौजूद नही होने और अस्पताल स्टाफ पर रुपए मांगने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया।

महिला के परिजनों ने इस हंगामे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी किया गया। वीडियो बनाने की बात को लेकर मामला गरमा गया और अस्पताल स्टाफ व महिला के परिजन के बीच विवाद हो गया। मौके पर मौजूद 108 एम्बुलेंस स्टाफ के साथ भी विवाद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एकबारगी मामला शांत किया और गर्भवती महिला को 108 एम्बुलेंस से बीकानेर रवाना किया।

थप्पड़ मारने व रुपये मांगने का आरोप
गर्भवती महिला के परिजन सदीक भुट्टा पुत्र फारूक निवासी मोमासर बास ने बताया कि अस्पताल में मौजूद स्टाफ ने बधाई के नाम पर रुपए देने पर प्रसव करवाने की बात कही। इस मामले का वीडियो बनाने पर 108 एम्बुलेंस स्टाफ विनोद पुरी ने उसे थप्पड़ मारा और मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। साथ ही गर्भवती महिला को बीकानेर ले जाते समय रास्ते में भी एम्बुलेंस स्टाफ ने उसे परेशान कर एम्बुलेंस का पीछे का दरवाजा खोलकर उसे कूद जाने की बात कही। वहीं ड्यूटी एएनएम सुमनलता का कहना था कि रुपये मांगने का आरोप निराधार है। ऑन कॉल डॉक्टर के निर्देश पर गर्भवती महिला को रेफर किया गया था लेकिन महिला के परिजन द्वारा शोर मचाकर वीडियो बनाया गया और अभद्र व्यवहार किया गया। उधर, 108 एम्बुलेंस स्टाफ विनोद पूरी का कहना था कि महिला के परिजन ने मारपीट का प्रयास किया और एम्बुलेंस को भी क्षतिग्रस्त किया गया।

पीबीएम अस्पताल में हुआ सामान्य प्रसव
हैरानी वाली बात तो ये थी कि जिस गर्भवती महिला के प्रसव को गंभीर मामला बताकर सीएचसी से रेफर किया गया था। उस महिला का बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में सामान्य प्रसव हुआ।

पुलिस में भी शिकायत करेंगे
रात्रि में ड्यूटी स्टाफ सुमनलता ने कॉल कर महिला मरीज के परिजन द्वारा अभद्रता करने व वीडियो बनाने की सूचना दी गई थी। ड्यूटी नर्स ने ड्यूटी डॉक्टर के निर्देश पर महिला को रेफर किया था फिर भी महिला के परिजन द्वारा बेवजह हंगामा किया गया। इस संबंध पुलिस में भी शिकायत करेंगे।
डॉ. एसके बिहानी, चिकित्सालय प्रभारी, श्रीडूंगरगढ़

&गर्भ में बच्चे के मल करने से यहां प्रसव करवाना संभव नही था। इसलिए गर्भवती महिला का रेफर कार्ड बनाया गया था। इस दौरान महिला के परिजन द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया।
डॉ. रविन्द्र गोदारा, ऑन कॉल ड्यूटी डॉक्टर।