
Lok Sabha Elections 2024 : बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी गोविन्दराम मेघवाल की ओर से नामांकन पत्र में दिए शपथ पत्र में आपराधिक रिकॉर्ड छिपाने के आरोप में गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायत की गई है। भाजपा कार्यकर्ता की ओर से की गई शिकायत में बताया गया है कि गोविन्दराम के खिलाफ पुलिस थाना जयनारायण व्यास कॉलोनी बीकानेर में हिस्ट्रीशीट खुली हुई है। कोर्ट में भी वर्ष 2017 का एक मामला लम्बित होना बताया गया है। ऐसे में बड़ा सवाल ये है कि क्या कांग्रेस प्रत्याशी गोविन्दराम मेघवाल का नामांकन रद्द हो सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी को पेश शिकायत में बीजेपी ने आरोप लगाया गया है कि गोविन्दराम के खिलाफ आपराधिक मामलों के साक्ष्य थाने में उपलब्ध हैं। नामांकन पत्र में दिए शपथ पत्र में यह जानकारी छिपाई गई है। ऐसे में तथ्यों की जांच कर मेघवाल का नामांकन रद्द किया जाए। शिकायत के साथ पुलिस वेबसाइट पर थाने के हिस्ट्रीशीटर्स की सार्वजनिक सूचना की कॉपी संलग्न की गई है।
बीकानेर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम का कहना है कि जयनारायण व्यास कॉलोनी थाने में गोविन्दराम मेघवाल के खिलाफ पुरानी हिस्ट्रीशीट खुली हुई है। हिस्ट्रीशीट एक बार खुलने के बाद उस समय के दर्ज मामलों का निस्तारण होने के बाद भी बंद नहीं की जाती।
Published on:
29 Mar 2024, 8:15 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.