
बीकानेर. कांग्रेस लोकतांत्रिक प्रणाली में विश्वास रखने वाली पार्टी है। वह चुनाव जीतने के लिए किसी हथकंडे का उपयोग नहीं करेगी, जबकि भाजपा जीत के लिए कोई भी दांव-पेच खेल सकती है। यह बात बुधवार को कांग्रेस देहात कार्यालय में हुई बैठक के दौरान देहात जिलाध्यक्ष महेन्द्र गहलोत ने कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा से आमजन का भरोसा उठ चुका है। आमजन के साथ पूर्व प्रशासनिक अधिकारी भी कांग्रेस पार्टी से जुड़ रहे हैं। गहलोत ने मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा को गुमराह करने वाली यात्रा बताया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के बारे में कहा कि पार्टी ने जिले में बूथ स्तर पर मतदाताओं, जागरूकता क्लबों के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रदेश संगठक मार्शल प्रहलादसिंह ने बैठक में पिछले दो माह में किए गए कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत किया। बैठक में नारायण सिंह चारण, रामेश्वरलाल जाखड़, मोहनलाल कप्तान, पीसीसी सदस्य किशनलाल मेघवाल, अम्बाराम इणखिया, सुषमा बारूपाल, शशिकला राठौड़ तथा देहात कोषाध्यक्ष कौशल दुग्गड़ सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।