
कांग्रेस ने गुरुवार को महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर इसका ठीकरा भाजपा के सिर फोड़ा। पदाधिकारियों ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी और गरीब मजदूरों की कमर ही तोड़ दी है, लेकिन केन्द्र में बैठे जनप्रतिनिधियों को इसकी कोई परवाह नहीं है। वे धन्ना सेठों की परवरिश करने में लगे हैं।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार देहात कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र गहलोत की अध्यक्षता तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं प्रभारी भरतराम मेघवाल की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान आकृष्ट करवाया। बिश्नोई धर्मशाला से जिला कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च व बैलगाड़ी पर जुलूस निकालकर उन्होंने केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा।
बिगड़ रहा बजट
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं प्रभारी भरतराम मेघवाल ने कहा कि भाजपा सरकार गठन होने के बाद से ही महंगाई बढ़ रही है। पेट्रो उत्पादों और खाद्य पदार्थों की बढ़ी कीमतों के कारण आम और खास के घरों का बजट बिगड़ चुका है। देहात कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र गहलोत ने कहा कि देश में जिस दर पर कच्चा तेल आयात किया जा रहा है, उस पर 100 प्रतिशत से भी ज्यादा टैक्स लगाकर भाजपा सरकार ने जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया है।
मार्च-2014 में एनडीए सरकार के शासन में आने से पूर्व कच्चे तेल की कीमत 108.6 डॉलर प्रति बैरल थी, तब पेट्रोल की कीमत 73.16 रुपए प्रति लीटर औसतन रही थी। वहीं अब कच्चे तेल की कीमत अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर लगभग 54.2 डॉलर प्रति बैरल है, लेकिन पेट्रोल की कीमतें 42 महीने बाद भी इसी दर पर कायम है।
परिवहन व्यवस्था भी महंगी
लोकसभा अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि पेट्रोल व डीजल बढ़ी दरों के कारण परिवहन व्यवस्था भी महंगी हो गई है। प्रदर्शन के दौरान ओमप्रकश सैन, प्रदेश संगठक मार्शल प्रहलाद सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शशिकला राठौड़, प्रदेश सह संयोजक किशनलाल इणखिया, सम्भाग अध्यक्ष अम्बाराम इणखिया, प्रदेश उपाध्यक्ष सुषमा बारूपाल, उपाध्यक्ष नारायण सिंह चारण, हनुमान चौधरी, मोहनलाल कप्तान, तुलसीराम गोदारा, भागूराम सहू, भवरलाल रिटोड, महासचिव कालूराम ज्याणी, गिरधारी प्रजापत, राधेश्याम तर्ड, अब्दुल मुस्तफा (गाणूखां) आदि उपस्थित रहे।
Published on:
29 Sept 2017 01:50 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
