
दुर्गाष्टमी पर गुरुवार को देवी माता के लापसी का भोग लगाया। मंदिरों और घरों में दुर्गाष्टमी पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। देवी माता के शृंगार किया गया। कई स्थानों पर कन्याओं का पूजन किया गया। मंदिरों में छप्पन भोग, देवी पाठ, भजन संध्या के आयोजन हुए।
इस अवसर पर सुबह से ही देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें देखी गई। नत्थूसर गेट बाहर स्थित आशापुरा माताजी मंदिर में दुर्गाष्टमी पर छप्पन भोग की झांकी सजाई गई। पुजारी नृसिंह, राजकुमार व्यास ने बताया कि सुबह समय विशेष शृंगार के बाद माताजी के लापसी का भोग लगाया गया। रात को कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुतियां दी।
कन्याओं को भोजन
सेवा भारती के तत्वावधान में गोपेश्वर बस्ती में गुरुवार को सर्व हिन्दू समाज कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया। उपहार भेंट किए गए। मां दुर्गा के चित्र पर माल्यार्पण की गई। ओम बन्ना सेवा समिति के तत्वावधान में एमएन अस्पताल के समीप ओम बन्ना धाम की नवनिर्मित मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई।
श्री अजमीढ़ सेना के तत्वावधान में नोखा रोड पर करणीमाता मंदिर में 151 कन्याओं का पूजन किया गया। दोस्ताना मित्र मंडल की ओर से बंगला नगर स्थित हनुमान मंदिर में 251 कन्याओं का पूजन किया गया।
विशेष शृंगार
अमरसिंहपुरा स्थित वैष्णोदेवी, सोमारनाथ महादेव मंदिर में विशेष शृंगार व पूजन किया गया। मंदिर संस्थापक राजवी श्याम सिंह ने बताया कि मंदिर में दुर्गा सप्तशती के पाठ किए गए। शुक्रवार को कन्या पूजन होगा।
निकाली सजीव झांकी
तेलीवाड़ा सर्राफा बाजार में दुर्गा पूजा महोत्सव में सजीव झांकी निकाली गई। इसमें 4 से12 वर्ष तक की बालिकाओं को माता के स्वरूप में शृंगार धारण कराया। बच्चों को पुरस्कार दिए गए। प्रवक्ता मनोज हर्ष ने बताया कि रात को संगीतमय सुन्दर काण्ड पाठ हुआ। इसके अलावा मोहता चौक, तेलीवाड़ा, नत्थूसर गेट बाहर, बंगाली मंदिर, बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर सजे दुर्गा पूजा पंडाल में दुर्गाष्टमी पर दर्शनार्थियों की भीड़ रही।
यहां भी हुए आयोजन
वेटरनरी परिसर स्थित विजय भवन में करणी माता मंदिर में विशेष शृंगार व पूजन किया गया। सूरसागर के समीप के करणी माता मंदिर में छप्पन भोग लगाया गया। जयपुर रोड स्थित वैष्णोधाम मंदिर, सुजानदेसर स्थित काली माता मंदिर, विश्वकर्मा गेट स्थित काली माता मंदिर, नागणेचेजी मंदिर, नत्थूसर गेट बाहर स्थित गायत्री माता मंदिर, करमीसर रोड स्थित सच्चीयाय माता मंदिर, त्रिपुरा सुंदरी मंदिर, स्वामियों का मोहल्ला स्थित लटियाल माता मंदिर में विशेष पूजन के अनुष्ठान हुए।
Published on:
29 Sept 2017 01:25 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
