
crime news
दुकान में घुसकर हमला करने का आरोपी गिरफ्तार
महाजन. कस्बे के शराब ठेकेदारों पर उपतहसील कार्यालय के पास पंचर निकालने की दुकान में सो रहे एक व्यक्ति ने हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया है। दर्ज मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि महाजन निवासी वीरेन्द्र उर्फ बिन्दू छिम्पा ने कस्बे में शराब ठेकेदारों के खिलाफ दुकान में घुसकर हमला करने का आरोप लगाकर तीन नामजद व चार अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। हैड कांस्टेबल भोलूराम बिश्नोई ने बताया कि मामले में सूरतगढ़ निवासी अनिल कुमार को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसको जेल भेज दिया गया।
बहला फुसला कर भगा ले जाने का आरोप
श्रीडूंगरगढ़. यहां मोमासर बास के एक व्यक्ति ने पुत्री को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का मामला शनिवार को दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार इस मोहल्ले के वार्ड संख्या चार के जगदीश वाल्मीकि ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसकी पुत्री अपनी नानी के पास रहती है। चार दिन पूर्व उसकी नानी घर पर नहीं थी। इस दौरान इसी मोहल्ले के सोनू वाल्मीकि, श्याम मलघट व सूर्यप्रकाश वाल्मीकि ने उसकी पुत्री को अकेला देखकर घर में घुस गए और पचास हजार रुपए व सोने चांदी के जेवरात के साथ ले गए।
विवाहिता ने फंदा लगाकर खुदकुशी की
श्रीकोलायत. चक विजयसिंहपुरा में एक विवाहिता ने पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। थानाप्रभारी जगदीशसिंह ने बताया कि चक विजयङ्क्षसहपुरा निवासी बजरंगलाल ज्याणी की पत्नी कविता ने शनिवार कोघर के ऊपर बने कमरे में पंखे के हुक से फंदा लगाकर आत्म हत्या कर ली। कविता की शादी दस वर्ष पूर्व हुई थी। मृतका का पीहर नान्दड़ा में है।
करंट लगने से महिला की मौत
बीकानेर/बज्जू. बज्जू थाना क्षेत्र में एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। महिला के पति की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार बज्जू थाना क्षेत्र में रहने वाले कृष्ण कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी खेत में काम कर रही थी। उसने ट्यूबलाइट का स्विच ऑन किया ही था कि उसे करंट लग गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
करंट लगने से झुलसे दो संविदाकर्मी, एक की मौत
नोखा. जांगलू गांव के जीएसएस पर शनिवार को काम कर रहे दो संविदाकर्मियों को करंट से झुलसने पर गंभीर हालत में नोखा के बागड़ी रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां परउ उपचार के दौरान एक कर्मचारी की मौत हो गई। जानकारी अनुसार संविदाकर्मी बनिया गांव निवासी किरताराम की करंट से झुलसने से मौत हो गई। वहीं जेठाराम (२८) पुत्र गोधुराम जाट निवासी लखासर को गंभीर हालत में इलाज के लिए नोखा के बागड़ी रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर पीबीएम अस्पताल रैफर कर दिया।
Published on:
24 Jun 2018 10:03 am
