
deadly attack
नोखा. नोखा के बागड़ी अस्पताल के प्रभारी डॉ. पीसी तंवर पर मंगलवार रात चाचा नेहरू स्कूल के पास बाइक पर सवार होकर आए कुछ हमलावरों ने लाठियों से हमला कर दिया। जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए और डॉ. तंवर भी चोटिल हो गए। बाद में डॉक्टर तंवर से वहां से भागकर अपनी जान बचाई और पंचारिया चौक पहुंचकर पुलिस को फोन किया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। बाद में डॉ. तंवर ने थाने पहुंचकर अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मामला भी दर्ज कराया। वहीं मौके पर एकत्रित लोगों ने बताया इस तरह की एक अन्य घटना थोड़ी देर पहले मरोठी चौक में भी हुई थी। वहां पर बाइक पर सवार दो युवकों ने एक गाड़ी के पीछे से डंडे मारकर भाग गए थे।
बाइक से आए थे
डॉ. पीसी तंवर ने बताया कि मंगलवार शाम करीब ८.३० बजे वे चाचा नेहरू स्कूल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उनकी गाड़ी पर पहले पीछे से डंडे का वार किया, बाद में बाइक से उतरकर सामने से गाड़ी पर लाठियां बरसाना शुरू कर दिए। वे अपनी जान बचाने के लिए पंचारिया चौक की तरफ गाड़ी को दौड़ाते हुए पहुंचे, तो हमलावर थोड़ी देर तो पीछे आए और बाद में गायब हो गए। हमलावरों में से एक युवक ने लाल रंग की टीशर्ट पहनी हुई थी। हमला करने से गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और उनको भी हाथों पर चोट आई है।
रंजिश पर किया हमला
इस हमले के बाद डॉ. पीसी तंवर ने बताया कि उन्होंने अस्पताल प्रभारी बनने के बाद कुछ लोगों की दुकानदारी बंद हो गई है। इससे कुछ लोग उनसे रंजिस रखने लगे हैं, संभवतया उन्हीं मेें से किसी ने उन पर जानलेवा हमला करवाया है। इस मामले में थाने में भी रिपोर्ट दी गई है।
Published on:
08 Aug 2018 08:54 am
