
शहर के अतिव्यस्तम खजांची मार्केट में मंगलवार अलसुबह पांच दुकानों में आग लग गई, जिससे दुकानें और उनमें रखा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि आग को समय रहते काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग को बुझाने के लिए पांच दमकलें मौके पर पहुंची। शाम चार बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। मंगलवार सुबह करीब सात बजे खजांची मार्केट के एफ ब्लॉक की नेहा गारमेंट की दुकान में शार्ट सर्किट से आग लगी।
आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। एफ ब्लॉक की दुकानों के पास से धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, पुलिस और दमकल को सूचित किया। दमकल व पुलिस पहुंची तब तक आग ने अंकुर टेलर्स की दो और मैचिंग वल्र्ड की दो दुकानों को चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलने पर खजांची मार्केट के व्यापारी मौके पर पहुंच गए और राहत कार्यों में जुट गए। आग को बुझाने के लिए नाल और बरसिंहसर नेवेयली परियोजना की दमकलों की भी मदद ली गई। आग से पांचों दुकानों की छत और दीवारों में दरारें आ गई।
संकरी जगह से राहत कार्य में बाधा
खजांची मार्केट में आग लगने से हुए धुएं और संकरी जगह के कारण राहत व बचाव कार्यों में बाधा उत्पन्न हुई। आग के कारण खजांची मार्केट में धुआं ही धुआं हो गया, जिससे स्थानीय लोगों का श्वास लेना दूभर हो गया। वहीं मौके पर जमा हुई तमाशबीनों की भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आग से झुलसा बिल्डिंग मालिक
खजांची मार्केट के एफ ब्लॉक में आग लगने पर मालिक प्रमोद खजांची ने आग बुझाने का प्रयास किया। आग के कारण उसके दोनों हाथ झुलस गए। बाद में वहां पहुंचे अन्य लोगों ने उसे बचाया और पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर भिजवाया।
ये अधिकारी पहुंचे
एएसपी सिटी नाजिम अली, एडीएम सिटी शैलेन्द्र देवड़ा, नगर निगम उपायुक्त राष्ट्रदीप, सीओ सिटी राजेन्द्रसिंह, कोटगेट थाना के उपनिरीक्षक समरवीरसिंह सहित पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके अलावा पार्षद आदर्श शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि पंकज गहलोत, सुनील गहलोत, सोनूराज आसुदानी, धर्मेन्द्र सोनगरा, मनीष गहलोत सहित आसपास के लोग आग बुझाने में प्रयासों में जुटे रहे।
अस्थाई फायर सब स्टेशन जल्द खुले
बीकानेर . जिला उद्योग संघ ने रानी बाजार चौपड़ा कटले के पीछे अस्थाई फायर सब स्टेशन खोलने की मांग की है। संघ अध्यक्ष द्वारका दास पच्चीसिया, उपाध्यक्ष निर्मल पारख एवं पार्षद आदर्श शर्मा ने निगम उपायुक्त राष्ट्रदीप यादव से मुलाकात कर यह मांग रखी। पच्चीसिया ने बताया कि रानी बाजार क्षेत्र में फायर सब स्टेशन आसपास के इलाकों के लिए फायदेमंद रहेगा।
उन्होंने कहा कि रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र होने के साथ पीबीएम अस्पताल, गंगाशहर, भीनासर सहित क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनिया इसके नजदीक हैं। बीछवाल तथा मुरलीधर व्यास नगर अग्निशमन केन्द्र इस क्षेत्र से दूर हैं और आग जैसी अनहोनी होने पर यहां से फायर ब्रिगेड पहुंचने में करीब 45 मिनट तक लग जाते हैं, तब तक आग से काफी नुकसान हो जाता है। रानीबाजार आसपास के क्षेत्रों से नजदीक होने पर अस्थाई फायर सब स्टेशन खोलने की मांग की गई।
Published on:
27 Sept 2017 09:05 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
