
Ganesh Chaturthi 2018
बीकानेर. गणेश चतुर्थी गुरुवार को धूमधाम से मनाई जाएगी। घरों सहित मंदिरों में लम्बोदर की पूजा-अर्चना कर मोदक का भोग अर्पित किया जाएगा। घरों के मुख्य द्वार के ऊपर स्थापित भगवान गजानन्द की मूर्ति का पंचामृत से अभिषेक तथा तेल, सिंदूर, मालीपाना, बर्ग आदि से पूजन कर आरती की जाएगी। मंदिरों में अभिषेक, पूजन और शृंगार के आयोजन होंगे।
श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में पहुंचने को देखते हुए व्यापक व्यवस्था की गई हैं। मंदिरों को रंग रोगन के साथ रंग-बिरंगी रोशनियों से सजाए गए हैं। अलसुबह से शुरू होने वाला दर्शन-पूजन का क्रम रात तक चलेगा। मंदिरों में भक्ति संगीत कार्यक्रम होंगे। मंदिरों के बाहर बुधवार को ही प्रसाद, फल, पुष्प आदि की अस्थायी दुकानें लग गई। शहर में कई स्थानों पर गणेश चतुर्थी से दस दिवसीय गणेश पूजन महोत्सव का आगाज होगा।
मंदिर सजे, तैयारियां पूरी: गणेश चतुर्थी को लेकर शहर के गणेश मंदिरों में बुधवार देर रात तक तैयारियां चलती रही। नत्थूसर गेट के बाहर बड़ा गणेश मंदिर, इकीसिया गणेश मंदिर, कोटगेट सट्टा बाजार स्थित गणेश मंदिर, स्टेशन रोड मोहता धर्मशाला स्थित गणेश मंदिर, नत्थूसर गेट के बाहर स्थित पीरूदान किराडू बगीची, जूनागढ़ स्थित गढ़ गणेश मंदिर, दाऊजी मंदिर रोड स्थित सहित शहर में स्थित सभी गणेश मंदिरों में गणेश चतुर्थी पर पूजन-दर्शन का दिन भर क्रम चलेगा।
गणेश पूजन महोत्सव का होगा आगाज : गणेश चतुर्थी से शहर में विभिन्न स्थानों पर दस दिवसीय गणेश पूजन महोत्सव का आगाज होगा। मोहल्लों में तैयार किए गए भव्य पांडालों में भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित कर दस दिनों तक पूजा-अर्चना की जाएगी। विभिन्न कार्यक्रमों होंगे।
जस्सूसर गेट मार्ग स्थित सिद्धि विनायक गणेश मंदिर में गणेश, रिद्धि-सिद्धि जन्मोत्सव गुरुवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। सुबह पंडितों के सानिध्य में गणेश, रिद्धि-सिद्धि की प्रतिमाओं का अभिषेक, चांदी के आभूषणों से शृंगार किया जाएगा। दोपहर १२ बजे भगवान की आरती की जाएगी।
गणेश धोरा भीनासर में भगवान गणेश की मूर्ति का पूजन कर शृंगार किया जाएगा। इस दौरान हवन और महाआरती का आयोजन होगा। संयोजक सत्यनारायण भोजक ने बताया कि रात्रि को जागरण होगा। दाऊजी रोड स्थित आदि गणेश मंदिर में अभिषेक, पूजन होगा।
निकलेगी शोभायात्रा
श्रीमोहता धर्मशाला के १२५ वर्ष व श्रीमोहता आयुर्वेदिक रसायनशाला के १०० वर्ष पूरे होने पर १२ से १४ सितम्बर तक कार्यक्रम होंगे। प्रबंधक कर्नल हेमसिंह शेखावत के अनुसार आयोजन में कलकत्ता, मुम्बई, नागपुर, इंदौर, खामगांव, उदयपुर, जयपुर आदि स्थानों से ट्रस्ट परिवार के सदस्य बीकानेर पहुंचे है। बुधवार को रसायनशाला एवं धर्मशाला अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
इसमें वर्ष भर के कार्यों की समीक्षा एवं ट्रस्ट की योजना पर विचार किया गया। १३ को धर्मशाला गणेश मंदिर में आरती और महाप्रसाद होगा। इससे पहले कोटगेट से मोहता धर्मशाला तक शोभायात्रा निकाली जाएगी व सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। १४ को देशनोक करणी माता सहित विभिन्न मंदिरों में दर्शन पूजन होगा।
लक्ष्मी गणेश मंदिर में महोत्सव
नत्थूसर गेट के बाहर पीरुदान किराडू की बगीची स्थित लक्ष्मीगणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी महोत्सव का आयोजन स्वामी पुण्यानन्द गिरी महाराज के सानिध्य में होगा। मंदिर व्यवस्थापक घनश्यामदास किराडू के अनुसार महाराज का स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर लक्ष्मीगणेश मूर्ति की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। महाआरती और भजन संध्या का आयोजन होगा। कलाकार किशन किराडू, लक्ष्मण पारीक, रामजी आदि भजनों की प्रस्तुती देंगे। मंदिर में कलात्मक उस्ता आर्ट की गई है।
Published on:
13 Sept 2018 08:07 am
