
बीकानेर. अंचल में मौसम ने पूरे दिन कई रंग दिखाए। दिन में पहले बादलों की आवाजाही और बाद में बारिश हुई। इसके बाद शाम को उमस ने शहरवासियों को परेशान किया। अलसुबह से ही रिमझिम बारिश का दौर शुरू हुआ, जो दोपहर दो बजे तक चला। सुबह से आसमान में काली घटाएं छाई रही। शहर में रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश के बाद सुहाने मौसम का शहरवासियों ने जमकर लुत्फ उठाया।
शहर के कुछ हिस्सों में तेज बारिश हुई और सड़कों पर पानी जमा हो गया। इससे वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के अंदरूनी हिस्सों में नाले-नालियां ओवरफ्लो होने से गंदगी सड़कों पर फैल गई। इसके बाद दोपहर में निकली धूप से उमस हो गई। शाम को शहर में फिर बादल छा गए। अधिकतम तापमान ३३ डिग्री व न्यूनतम तापमान २५.९ डिग्री सेल्सियस रहा।
न्यास अध्यक्ष ने किया निरीक्षण
नगर विकास न्यास के अध्यक्ष महावीर रांका ने शनिवार को शहर के कई क्षेत्रों में निरीक्षण कर बारिश के बाद स्थिति जानी। रांका ने अधिकारियों को बारिश के दौरान शीघ्र राहत और बचाव के उपाय करने व विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा। उन्होंने मुरलीधर व्यास नगर रोड पर मिट्टी धंसने, व्यापार नगर रोड एवं अन्य स्थानों पर निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरस्त बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिशाषी अभियन्ता संजय माथुर, कनिष्ठ अभियन्ता राजेन्द्र सहारण आदि साथ थे।