7 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

आरोप-प्रत्यारोप के बीच नगर निगम की साधारण सभा हुई स्थगित, सफाईकर्मियों के पद बढ़ाने का प्रस्ताव पारित..

पहले चरण में पक्ष-विपक्ष के सदस्य सफाई कर्मियों के पद बढ़ाने पर एक राय रहे। दूसरे चरण में दोपहर बाद हंगामे के बीच बैठक स्थगित कर दी गई और छह मुद्दों पर ही चर्चा हो सकी।
2 min read
Google source verification
Nagar Nigam Bikaner

Nagar Nigam Bikaner

बीकानेर. भारी पुलिस बंदोबस्त, आरोप-प्रत्यारोप और हंगामे के बीच बुधवार को हुई नगर निगम की साधारण सभा में सफाई कर्मचारियों के स्वीकृत ३९५ पदों के अतिरिक्त २२५ पद सृजित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इसमें ठेके पर चल रहे ट्रैक्टर कार्मिकों को भर्ती में प्राथमिकता देने की बात राज्य सरकार के ध्यान में लाने पर सहमति हुई। पहचान कार्ड से गांधी म्युनिसिपल हॉल में प्रवेश की अनुमति के बीच १२ बिन्दुओं पर हुई बैठक दो चरणों में चली। पहले चरण में पक्ष-विपक्ष के सदस्य सफाई कर्मियों के पद बढ़ाने पर एक राय रहे। दूसरे चरण में दोपहर बाद हंगामे के बीच बैठक स्थगित कर दी गई और छह मुद्दों पर ही चर्चा हो सकी।

पार्षदों ने विकास कार्यों की सूची की मांग को लेकर हंगामा किया। उन्होंने टेबल तक उलट दी। आयुक्त कक्ष में बैठे पुलिस के अधिकारी इसे लाइव देख रहे थे। महापौर नारायण चौपड़ा ने पहला प्रस्ताव सफाई कर्मियों के पदों की संख्या २२५ बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। इस पर कांग्रेस पार्षद नंदलाल जावा ने कहा कि हमने डीएलबी में जाकर कर्मचारी बढ़ाने की बात उठाई, तब महापौर ने यह मुद्दा प्रस्ताव में शामिल किया। इस पर भाजपा के राजेन्द्र शर्मा ने आपत्ति की। उन्होंने कहा कि श्रेय लेने की बात नहीं करें, यह गलत है। कांग्रेस नेता जावेद पडि़हार ने आरोप लगाया कि यह साधारण सभा डीएलबी निदेशक के आदेश पर हुई है, इस पर महापौर चौपड़ा ने सदस्यों से प्रस्तावित बिन्दु पर ही बात करने का आग्रह किया।

इन बिन्दुओं पर चर्चा
सेप्टिक टैंक एवं आग से दुर्घटना में मृतकों के आश्रितों को नियुक्ति का प्रस्ताव राज्य सरकार के विचारार्थ भेजने पर सहमति हुई। बीकानेर नगर निगम में हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र को शामिल करने के मुद्दे पर सदस्यों ने आक्रामक रुख दिखाया। महापौर ने प्रस्ताव के साथ कहा कि नियमों के तहत हाउसिंग बोर्ड के क्षेत्र को शामिल करने पर सहमति हुई। घर-घर कचरा संग्रहण के लिए टैक्सी व ऑटो डिपर लगाने पर समिति गठित करने पर सहमति बनी। वहीं मार्ग नामकरण एवं मूर्ति स्थापना के मुद्दे पर पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत की मूर्ति लगाने का अनुमोदन कर दिया गया। इस दौरान आठ मार्गों के नाम एवं मूर्ति लगाने के प्रस्ताव पढ़कर सुनाए गए। इस दौरान पार्षदों ने और लोगों के नाम सुझाए। इस पर महापौर ने प्रस्ताव लिखित में देने को कहा। विकास के मुद्दे पर सूची को लेकर बैठक स्थगित कर दी गई।

उभरा विरोध
इस बीच आदर्श शर्मा सदन के बीच आ गए और साधारण सभा देरी से बुलाने पर बोलने लगे। इस पर भाजपा पार्षद शिव कुमार रंगा, प्रेमरतन जोशी एवं उम्मेद सिंह आदर्श शर्मा का विरोध करने लगे। महापौर ने आदर्श शर्मा की बातों को रिकॉर्ड से हटाने के निर्देश दिए। इस पर सभी पार्षद महापौर की कुर्सी के पास इकट्ठे हो गए। राजेन्द्र शर्मा ने पद बढ़ाने पर वित्तीय भार का मुद्दा उठाया। भगवती प्रसाद गौड़, अखिलेश प्रताप सिंह ने भी अपना मत रखा।

उप महापौर गैरहाजिर
बैठक में पार्षद अजय सिंह राजपुरोहित, नरेश जोशी, हारून राठौड़, दिनेश उपाध्याय, हजारी मल देवड़ा, नंद किशोर गहलोत, गिरिराज जोशी, मोहम्मद ताहिर, राजेन्द्र पंवार, विनोद धवल और कृष्ण कंवर ने राय रखी। उप महापौर अशोक आचार्य अनुपस्थित रहे। बैठक में आयुक्त प्रदीप केशवराव गावंडे, अतिरिक्त आयुक्त ताज मोहम्मद, अधीक्षण अभियंता ललित ओझा समेत विभागीय अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस बल लगाया गया।

ये मुद्दे छूटे
एलईडी लाइट का कार्य चालू करवाने, कार्मिकों को मूल पद पर लगाने एवं बायोमेट्रिक उपस्थिति लेने, नालों की सफाई, गोशाला निर्माण का कार्य शुरू करने, पुरानी सीवरेज समस्या, नए अग्निशमन केन्द्रों पर बात नहीं हो सकी।

बड़ी खबरें

View All

बीकानेर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग