
वाहनों की टक्कर में एक की मौत, दो घायल
नोखा. बिरमसर की रोही में गुरुवार को दो वाहनों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को नोखा के बागड़ी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं मृतक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस के मुताबिक श्रीबालाजी थाने के बिरमसर निवासी भंवरसिंह पुत्र सांवत सिंह और उसकी पत्नी संतोष बाइक पर नोखा से गांव जा रहे थे। वहीं पीपासर निवासी भवानी सिंह पुत्र रघुनाथ सिंह बाइक पर जा रहा था। रास्ते में अज्ञात वाहन ने बाइकों को टक्कर मार दी। इससे भंवर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई और उसकी पत्नी संतोष गंभीर रूप से घायल हो गई। उधर, हादसे में भवानी सिंह भी घायल हो गया।
पति-पत्नी खरीददारी कर लौट रहे थे गांव
जानकारी के अनुसार गुरुवार को भंवरसिंह व पत्नी संतोष खरीदारी करने बिरमसर से नोखा आए थे। यहां पर बाजार में खरीदारी करने के बाद वापस बाइक से गांव जा रहे थे। रास्ते में हादसा होने से संतोष की मांग का सिंदूर उजड़ गया। संतोष का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने गमगीन माहौल में मृतक भंवर सिंह का पोस्टमार्टम कराया।
खतरनाक मोड़ में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार बिरमसर से सेवड़ी जाते समय रास्ते में सड़क पर खतरनाक घुमावदार मोड़ स्थित है। यहां पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। गुरुवार को यहीं पर हादसा हुआ।
Published on:
18 Oct 2019 06:21 am
