
लापता विवाहिता खुद पहुंची थाने,पुलिस व परिजन हुए आमने-सामने
पांचू. नोखा. उपखंड क्षेत्र के उदासर गांव से चार दिन पहले लापता हुई एक विवाहिता सोमवार को स्वयं ही पांचू थाने में पेश हो गई। इसकी भनक लगते ही विवाहिता के पीहर व ससुराल पक्ष के लोग पांचू थाने में जमा हो गए। उन्होंने विवाहिता को कोर्ट में पेश नहीं कर उसे अपने साथ ले जाने की मांग की। इस पर पुलिस ने मना कर दिया और विवाहिता को पहले नोखा एसडीएम के समक्ष पेश करने के बाद ही आगे की कार्रवाई करने की बात कही। साथ ही परिजनों ने विवाहिता को कोर्ट में पेश नहीं करने देने की बात कही। इस बात को लेकर पांचू पुलिस और विवाहिता के परिजनों के बीच तनातनी हो गई और पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर परिजनों को वहां से हटाना पड़ा।
बाद में पुलिस सुरक्षा के बीच विवाहिता को नोखा थाने लाया गया। बाद में पुलिस ने सुरक्षा जाप्ते के साथ विवाहिता को एसडीएम कन्हैया लाल सोनगरा के समक्ष पेश किया। यहां पर एसडीएम ने यह कहते हुए मामले की सुनवाई करने से मना कर दिया कि मामला उनके अधिकार क्षेत्र का नहीं है। इस दौरान विवाहिता के पति के द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र को भी एसडीएम ने लेने से मना कर दिया। इस पर पुलिस विवाहिता को वापस नोखा थाने ले गई। बाद में देर शाम फिर से विवाहिता को एसडीएम के समक्ष पेश किया गया तो उन्होंने इस मामले की सुनवाई की।
चार दिन पहले हुई थी गायब
उदासर की २० वर्षीया विवाहिता १७ मई को अपने पीहर से गायब हुई थी। इसकी गुमशुदगी रिपोर्ट भी विवाहिता के परिजनों द्वारा पांचू थाने में दर्ज कराई गई थी।सोमवार को विवाहिता अपने आप ही पांचू थाने पहुंच गई और कोर्ट में ही अपने बयान दर्ज कराने की बात पुलिस से कही। इस पर पुलिस विवाहिता को साथ लेकर नोखा के लिए रवाना हो पाती, इससे पहले परिजन पांचू थाने में पहुंच गए। इस दौरान पुलिस व विवाहिता के परिजन आमने-सामने हो गए और मामला गर्माने पर पुलिस को भीड़ को हटाने के लिए उनको खदेडऩा पड़ा। पुलिस के मुताबिक विवाहिता का करीब
एक माह पहले चांडासर के गौरीशंकर के साथ विवाह हुआ था।
भेजा साथी के संग
विवाहिता को देर शाम नोखा एसडीएम के समक्ष फिर से पेश किया गया। इस पर एसडीएम सोनगरा ने उसके बयान सुनने के बाद उसे उसके साथी मानवेड़ा के अशोक जोशी के साथ भेजने के आदेश दिए। विवाहिता उसके साथ चली गई। वहीं इस मामले में तनाव को देखते हुए पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया था, देर शाम उनको भी जमानत पर छोड़ दिया गया।
Published on:
22 May 2018, 9:48 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.