
हाइवे पर मिला घायल बुजुर्ग, परिजनों तक पहुंचाया
श्रीडूंगरगढ़. हेमासर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-11 के किनारे लावारिस हालत में घायल मिले बुजुर्ग व्यक्ति को आपणो गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति के सेवादारों ने परिजनों को सुपुर्द किया। जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात्रि को एक बुजुर्ग लावारिस हालात में घायल अवस्था में मिले थे।
बुजुर्ग व्यक्ति अपना नाम पता नहीं बता पा रहा था और सिर पर चोट लगी थी। इस दौरान हाईवे से गुजर रहे कांस्टेबल पुनीत कुमार ने बुजुर्ग को देखा तो आपणो गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति को सूचना दी। इस पर समिति के सेवादारों ने मौके पर पहुंच कर बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सेवादारों ने बुजुर्ग को सरदारशहर रोड स्थित एक अनाथ आश्रम में आश्रय दिलवाया। बुजुर्ग केवल नवलगढ़ का नाम बोल पा रहा था।
सेवादारों द्वारा सोशल मीडिया आदि माध्यमों से पड़ताल करने पर पता चला कि बुजुर्ग का नाम राजेन्द्र प्रसाद शर्मा है और नवलगढ़ निवासी है। वे तीन दिन पहले घर से निकले थे और रास्ता भटक गया था। सेवादारों ने बुजुर्ग के परिजनों से सम्पर्क कर उन्हें श्रीडूंगरगढ़ बुलाया और बुजुर्ग को सुपुर्द कर दिया।
तापड़िया को मिली सदस्यता
श्रीडूंगरगढ़. भारतीय जीवन बीमा की शाखा के अभिकर्ता मुकेश तापड़िया ने विकास अधिकारी राजेश कुमार कच्छावा के नेतृत्व में एमडीआरटी की सदस्यता के लिए पात्रता अर्जित की है। यह उपलब्धि विश्व में बीमा व्यवसाय के अग्रणी अभिकर्ताओं के समूह द्वारा प्रदत्त की गई है। एमडीआरटी अभिकर्ता तापड़िया को मिली इस उपलब्धि पर निगम अधिकारियों द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है।
Published on:
05 Jan 2023 01:19 am
