
आदेश नहीं मान रहे निजी स्कूलों की 48 घंटे में होगी जांच
बीकानेर. शिक्षा विभाग के दिशा निर्देशों की पालना नहीं करने वाले स्कूलों को लेकर अब शिक्षा विभाग भी गंभीर हो गया है। गुरुवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशक नथमल डिडेल व प्रारंभिक शिक्षा निदेशक ओमप्रकाश कसेरा ने इस संबंध में संयुक्त परिपत्र जारी किया है।
इसमें बताया है कि निजी विद्यालयों की ओर से पाठ्य सामग्री, स्टेशनरी, यूनिफार्म, टाइ-बेल्ट आदि की बिक्री किए जाने, बाल वाहिनी संचालन, नियमानुसार समय पर टीसी नहीं देने एवं प्रगति पत्र रोकने, आरटीई के अंतर्गत निशुल्क प्रवेश देने तथा गैर कानूनी रूप से अत्यधिक फीस वृद्धि की शिकायतें लगातार मिल रही है। इस संबंध में शिक्षा विभाग पूर्व में निजी स्कूलों को पाबंद कर चुका है। इसके बाद भी निजी स्कूलों की मनमानी लगातार जारी है।
इसके लिए संयुक्त निदेशक, स्कूल शिक्षा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक को परिपत्र जारी कर पाबंद किया है कि विभाग के आदेशों की अवहेलना करने वाले निजी विद्यालयों की जांच एक कमेटी द्वारा ४८ घंटे में करवाकर रिपोर्ट प्रारंभिक व माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को भिजवाया जाए। इस रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग द्वारा संबंधित स्कूल के खिलाफ आगामी कार्रवाई करेगा।
Updated on:
26 Apr 2019 11:20 am
Published on:
26 Apr 2019 11:20 am
