
मरीज की मौत, परिजनों और रेजीडेंट्स में झड़प
चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप,रेजीडेंट्स ने किया कार्य बहिष्कार
बीकानेर . पीबीएम अस्पताल की सघन चिकित्सा इकाई में भर्ती युवक की मौत से आक्रोशित परिजन और रेजीडेंट्स चिकित्सकों में सोमवार को कहासुनी हो गई। नौबत दोनों पक्षों में हाथापाई तक पहुंच गई। झगड़े की सूचना मिलने पर पीबीएम पुलिस चौकी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ चिकित्सकों व पुलिस ने समझाइश कर एकबारगी माहौल शांत करवाया। बाद में मारपीट के विरोध में रेजीडेंट्स चिकित्सकों ने कार्य बहिष्कार कर दिया।
सुभाषपुरा के विवेकनगर निवासी दिनेश (२६) पुत्र दयाराम बिश्नोई पीबीएम अस्पताल के डी वार्ड में भर्ती था। उसे डायलिसिस के लिए आईसीयू में भर्ती करने की बात को लेकर अलसुबह रेजीडेंट चिकित्सक डॉ. राकेश के साथ कहासुनी हो गई, जिससे मरीज पर किसी ने ध्यान नहीं दिया और उसकी मौत हो गई। इससे परिजन भड़क गए और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का गुस्सा रेजीडेंट चिकित्सक पर फूट पड़ा और हाथापाई हो गई। वहां मौजूद अन्य लोगों एवं स्टाफ ने बीच-बचाव किया। स्टाफ ने झगड़े की सूचना पीबीएम चौकी, सुरक्षा अधिकारी एवं अस्पताल के उच्च्च अधिकारियों को दी।
आपातकालीन सेवाएं जारी
रेजीडेंट्स चिकित्सकों ने साथी चिकित्सक डॉ. राकेश के साथ मारपीट की घटना का विरोध किया है। चिकित्सकों ने सोमवार दोपहर १२ बजे से कार्य बहिष्कार कर दिया। केवल आपातकालीन एवं आइसीयू में सेवाएं जारी रखी। साथ ही चिकित्सकों का एक प्रतिनिधिमंडल एसपी मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. आरपी अग्रवाल से मिला और ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में कहा कि मारपीट करने वालों के खिलाफ अस्पताल प्रशासन मामला दर्ज करवाए। २४ घंटे में आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की हुई तो २९ मई दोपहर १२ बजे से सभी रेजीडेंट्स चिकित्सक मजबूरन कार्य बहिष्कार करेंगे।
एसपी को पत्र लिखा
मरीज की मौत पर परिजन और रेजीडेंट चिकित्सक में कहासुनी हो गई थी। इस संबंध हाथापाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा गया है।
डॉ. पीके बैरवाल, अधीक्षक, पीबीएम अस्पताल
Published on:
29 May 2018 09:21 am
